रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर चली गोलियां, पुलिस ने जांच की शुरू

शनिवार देर रात मुंबई के जुहू इलाके में मशहूर बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर अचानक गोलीबारी की घटना सामने आई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय उन्होंने लगातार चार गोलियों की आवाज सुनी.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

शनिवार देर रात मुंबई के जुहू इलाके में मशहूर बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर अचानक गोलीबारी की घटना सामने आई. अधिकारियों के मुताबिक, अज्ञात लोगों ने उनके घर के पास चार राउंड फायर किए, जिसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

पुलिस ने जांच की शुरू 

गोलीबारी की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस, अपराध शाखा और फोरेंसिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. एहतियात के तौर पर इमारत और आसपास के क्षेत्र को तुरंत सील कर दिया गया. इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई और देर रात तक गहन तलाशी अभियान चलता रहा. सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय उन्होंने लगातार चार गोलियों की आवाज सुनी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही देर में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं और फोरेंसिक जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि किस तरह के हथियार का इस्तेमाल किया गया.

मुंबई पुलिस आयुक्त ने क्या कहा?

मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, लेकिन हर एंगल से जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि गोलीबारी के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है और यह भी जांच का विषय है कि यह किसी धमकी का हिस्सा था या इसके पीछे कोई और वजह है.

अधिकारियों ने यह भी संकेत दिए हैं कि जांच के दौरान अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोहों से संभावित संबंधों को भी खंगाला जा रहा है, हालांकि इस दिशा में अभी तक कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रोहित शेट्टी के आवास के बाहर भारी पुलिस बल, बैरिकेडिंग, पुलिस वाहन और फोरेंसिक टीमें तैनात दिखाई दे रही हैं.

इस पूरे मामले पर रोहित शेट्टी या उनके परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. हाल के दिनों में बॉलीवुड से जुड़ी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही मामले से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag