MP के रतलाम में मुहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन से टकराया ताजिया. 3 की मौत, 20 से ज्यादा झुलसे

रतलाम के हतनारा गांव में मुहर्रम जुलूस के दौरान ताजिया 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया, जिससे करंट फैलने से तीन लोगों की मौत हो गई है.

Sonee Srivastav

भोपाल: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मुहर्रम के जुलूस के दौरान गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. पिपलौदा थाना क्षेत्र के हतनारा गांव में ताजिया हाईटेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग झुलस गए. घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है.

हाईटेंशन लाइन से छूते ही फैला करंट

जानकारी के अनुसार, करीब 10 फीट ऊंचा ताजिया पंचमुखी महादेव मंदिर के पास से गुजर रहा था. इसी दौरान उसका ऊपरी हिस्सा लगभग 20 फीट ऊंचाई पर गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया. लाइन के संपर्क में आते ही पूरे ताजिये में तेज करंट फैल गया और उसे कंधा देकर चल रहे लोग इसकी चपेट में आ गए.

जुलूस में शामिल थे करीब 200 लोग

बताया जा रहा है कि मुहर्रम के जुलूस में लगभग 200 लोग शामिल थे. श्रद्धालु पूरे उत्साह और अकीदत के साथ ताजिया लेकर आगे बढ़ रहे थे. हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और देखते ही देखते खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया.

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. कुछ घायलों का इलाज निजी अस्पतालों में भी चल रहा है. हादसे के बाद अस्पतालों में लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

प्रशासन ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि घायलों का इलाज प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है.

साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो