9 दिन की देरी के बाद MP में मानसून की एंट्री, 33 जिलों में आंधी-बारिश का हाई अलर्ट जारी

मध्य प्रदेश में आखिरकार बुधवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने प्रवेश कर लिया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में मानसून प्रदेश के अधिकांश हिस्सों को कवर कर लेगा. इसके चलते पांढुर्णा और बुरहानपुर सहित कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना जताई गई है. 

Yashika Jandwani

भोपाल: मध्य प्रदेश में आखिरकार बुधवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने प्रवेश कर लिया है. बता दें, मौसम विभाग ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि मानसून बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी के रास्ते प्रदेश में पहुंचा है. इसके साख ही यह भी जानकारी दी गई है कि इस बार मानसून सामान्य तिथि 15 जून की तुलना में करीब नौ दिन की देरी से आया है. हालांकि के आने के साथ ही करीब 33 आंधी-बारिश का अलर्ट जारी कर दिया गया है.

राज्य के इन क्षेत्रों में होगी बारिश 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में मानसून प्रदेश के अधिकांश हिस्सों को कवर कर लेगा. इसके चलते हरदा, बैतूल, खंडवा, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बुरहानपुर सहित कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना जताई गई है. 

इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, देवास, सीहोर, शाजापुर, सागर, जबलपुर, कटनी, मंदसौर, रतलाम, रीवा और सिंगरौली समेत अनेक जिलों में भी मौसम के बदले हुए तेवर देखने को मिल सकते हैं. बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 39 जिलों में आंधी और बारिश दर्ज की गई है. वहीं बालाघाट जिले में ओलावृष्टि की भी सूचना मिली है. 

तेज बारिश के बीच कहां पड़ेगी जोरदार गर्मी                                                                      

हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है. मौसम विभाग ने जबलपुर, मंडला, दमोह और उमरिया जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है. वहीं नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन और आसपास के इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है. 

कौन सा रहा सबसे ठंडा स्थान 

सोमवार को हुई प्री-मानसूनी बारिश के दौरान धार जिले में सबसे अधिक करीब दो इंच वर्षा दर्ज की गई, जबकि भोपाल में भी अच्छी बारिश हुई. वहीं तापमान में गिरावट के कारण पचमढ़ी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर तेज होगा, जिससे किसानों और आम लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो