हिसार टोल मैनेजर हत्याकांड की जिम्मेदारी का दावा! लारेंस बिश्नोई गैंग का नाम आया सामने

हिसार टोल प्लाजा पर हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मृतक की पहचान टोल मैनेजर संजय शुक्ला के तौर पर हुई है। घटना के बाद एक पोस्ट वायरल हुई जिसमें गैंगस्टर अनिल पंडित के नाम से जिम्मेदारी ली गई।

Sachin Hari Legha

हिसार: हरियाणा के हिसार में टोल मैनेजर संजय शुक्ला की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। इससे पहले पुणे में हुई फायरिंग की घटना में भी गैंग का नाम सामने आया था। 24 घंटे के अंदर हरियाणा से पुणे तक गैंग की चर्चा तेज हो गई है।  

सोशल मीडिया पोस्ट में क्या लिखा है   

हिसार टोल प्लाजा पर हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मृतक की पहचान टोल मैनेजर संजय शुक्ला के तौर पर हुई है। घटना के बाद एक पोस्ट वायरल हुई जिसमें गैंगस्टर अनिल पंडित के नाम से जिम्मेदारी ली गई।  

पोस्ट में लिखा गया, जय महाकाल, जय श्री राम। राम राम सभी भाइयों को। आज हिसार टोल टैक्स पर टोल मैनेजर संजय शुक्ला का जो मर्डर हुआ है, इसकी जिम्मेदारी अनिल पंडित यूएसए, हरमन संधू, आरडी धालीवाल और बड़ा भाई हरि बॉक्सर लेते हैं।  

दुश्मनों की मदद का आरोप   

पोस्ट में दावा किया गया कि संजय शुक्ला उनके दुश्मनों की मदद कर रहा था। उसे पहले समझाया गया था लेकिन वह नहीं माना। इसी वजह से उसकी हत्या कर दी गई। आगे लिखा गया कि जो भी उनके दुश्मनों का साथ देगा उसका अंजाम ऐसा ही होगा।

पोस्ट के अंत में Wait and Watch भी लिखा है। सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया कि उनकी लड़ाई देश के दुश्मनों, नशा तस्करों, रेपिस्ट और देश के खिलाफ काम करने वालों से है। आखिर में जय हिंद लिखा गया।  

कैसे हुई वारदात   

घटना की सूचना मिलते ही बरवाला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद की है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक स्कॉर्पियो चालक ने संजय शुक्ला को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए।

आरोप है कि इसके बाद ड्राइवर ने गाड़ी पीछे ली और दोबारा संजय शुक्ला के ऊपर चढ़ा दी। वारदात के बाद आरोपी हिसार की तरफ भाग गया। टोल प्लाजा के कर्मचारी घायल संजय शुक्ला को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।  

पुलिस जांच में जुटी  

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की भी पड़ताल की जा रही है। हत्या और जिम्मेदारी के दावे के बीच कनेक्शन तलाशा जा रहा है। इस घटना ने इलाके में दहशत और चर्चा दोनों बढ़ा दी है।  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो