केतन अग्रवाल हत्या मामले में सिया गोयल की सर्च हिस्ट्री ने खोले डरावने राज
पुलिस सूत्रों के मुताबिक 21 साल की सिया गोयल के मोबाइल की गूगल सर्च हिस्ट्री जांच में अहम कड़ी बनी है। सिया ने इंटरनेट पर ऐसे तरीके खोजे थे जिनसे मर्डर को एक्सीडेंट जैसा दिखाया जा सके।

पुणे: पुणे के लोहगढ़ किले में बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत पहले हादसा लगी थी, लेकिन अब पुलिस इसे सोची समझी साजिश मान रही है। जांच में सामने आया कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मौत से कुछ दिन पहले गूगल पर हत्या को दुर्घटना दिखाने के तरीके सर्च किए थे।
सर्च हिस्ट्री बनी बड़ा सबूत
पुलिस सूत्रों के मुताबिक 21 साल की सिया गोयल के मोबाइल की गूगल सर्च हिस्ट्री जांच में अहम कड़ी बनी है। सिया ने इंटरनेट पर ऐसे तरीके खोजे थे जिनसे मर्डर को एक्सीडेंट जैसा दिखाया जा सके। ये सर्च 26 साल के केतन अग्रवाल की मौत से ठीक पहले किए गए थे।
केतन अपने परिवार के रियल एस्टेट बिजनेस में डायरेक्टर था। 18 जून को लोहगढ़ किले में करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरने से उसकी मौत हो गई। शुरुआत में सिया ने पुलिस को बताया कि तेज हवा में फोटो खींचते समय केतन का पैर फिसल गया। लोनावाला ग्रामीण पुलिस ने तब दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट दर्ज की थी।
बयानों में झोल से हुआ शक!
बाद में जांचकर्ताओं को सिया के बयान और उसके व्यवहार में गड़बड़ी लगी। जांच में पता चला कि सिया का 22 साल के चेतन बाबूलाल चौधरी के साथ रिश्ता था। चेतन ड्राई फ्रूट कारोबारी है और दोनों पिछले साल एक बिजनेस इवेंट में मिले थे।
पुलिस का कहना है कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। वह चेतन के साथ रिश्ते में केतन को रुकावट मानती थी। इसी वजह से दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
CCTV में कैद हुई पूरी प्लानिंग
पुलिस के अनुसार 18 जून को सिया केतन को घुमाने के बहाने लोहगढ़ किले ले गई। चेतन भी उनके पीछे 20 से 30 फीट की दूरी पर चल रहा था। CCTV फुटेज में चेतन हुडी और फेस मास्क पहने ट्रेकिंग रूट पर दिखा।
फुटेज में घटना से कुछ देर पहले केतन और सिया किले के किनारे खड़े नजर आए। आरोप है कि सिया और चेतन ने मिलकर केतन को खाई में धक्का दे दिया और बाद में इसे हादसा दिखाने की कोशिश की।
इंस्टाग्राम पर दिखाई हमदर्दी
केतन की मौत के बाद सिया ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट और श्रद्धांजलि लिखी, ताकि हादसे वाली कहानी मजबूत लगे। पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल जांच जारी है। पुलिस डिजिटल और फोरेंसिक सबूत खंगाल रही है ताकि केतन अग्रवाल की मौत की पूरी साजिश सामने आ सके।


