'मैं वापस आऊंगा' का कमाल लगातार जारी, क्या अक्षय की 'वेलकम टू द जंगल' पड़ सकती है भारी?

बॉक्स ऑफिस पर दूसरे सोमवार को 'मैं वापस आऊंगा' ने पहले 8 दिनों से भी ज्यादा कमाई कर सभी को चौंका दिया. इससे साफ हो गया कि फिल्म की रफ्तार अभी थमने वाली नहीं है.

Sachin Hari Legha

मुंबई: इम्तियाज अली की इमोशनल लव स्टोरी 'मैं वापस आऊंगा' का बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन जारी है. वहीं अब फिल्म के सामने नई चुनौती आने वाली है, क्योंकि गुरुवार शाम से अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' पेड प्रीव्यू के साथ सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या 'मैं वापस आऊंगा' अपनी रफ्तार बनाए रख पाती है या नहीं?

इम्तियाज अली की भारत-पाकिस्तान बंटवारे की पृष्ठभूमि पर बनी लव स्टोरी 'मैं वापस आऊंगा' सिनेमाघरों में लगातार दर्शकों को खींच रही है. पहले हफ्ते में फिल्म की कमाई उम्मीद से कम रही थी, जिससे इसके फ्लॉप होने की आशंका जताई जा रही थी. लेकिन अब दर्शकों का प्यार और अच्छा रिस्पॉन्स फिल्म के लिए बड़ी ताकत बनकर सामने आया है.

बॉक्स ऑफिस पर दूसरे सोमवार को 'मैं वापस आऊंगा' ने पहले 8 दिनों से भी ज्यादा कमाई कर सभी को चौंका दिया. इससे साफ हो गया कि फिल्म की रफ्तार अभी थमने वाली नहीं है. मंगलवार की कमाई ने भी इस बात को और मजबूत कर दिया. हालांकि अब फिल्म के सामने एक नई चुनौती आने वाली है  अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म वेलकम टू द जंगल, जो बॉक्स ऑफिस पर कड़ी टक्कर दे सकती है.

मैं वापस आऊंगा का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

इम्तियाज़ अली की इस फिल्म ने पहले हफ्ते में 12 करोड़ रुपये से थोड़ी ज्यादा कमाई की थी. लेकिन दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का फिल्म को बड़ा फायदा मिला। दूसरे वीकेंड के सिर्फ तीन दिनों में ही 'मैं वापस आऊंगा' ने करीब 12 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया.

फिल्म की लगातार हो रही तारीफों का असर बॉक्स ऑफिस पर भी दिखा और दूसरे सोमवार को इसने पहले 8 दिनों से ज्यादा कमाई की. वहीं, मंगलवार को थिएटर्स में सस्ते टिकटों के ऑफर का फायदा भी फिल्म को मिला, जिससे इसकी कमाई में एक और बड़ा उछाल देखने को सैकनिल्क के मुताबिक, इम्तियाज अली की फिल्म ने दूसरे मंगलवार को बॉक्स ऑफिस पर 3.10 करोड़ रुपये की कमाई की. यह फिल्म के पहले 8 दिनों में किसी भी दिन हुई कमाई से ज्यादा है.

सोमवार को फिल्म ने 2.5 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि मंगलवार को इसकी कमाई में करीब 24 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. अब 12 दिनों में फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 30 करोड़ रुपये पहुंच गया है.

मैं वापस आऊंगा की रफ्तार रोक पाएंगे अक्षय कुमार बॉक्स ऑफिस पर नई टक्कर

पहला हफ्ता खत्म होते ही मैं वापस आऊंगा के सामने शाहिद कपूर की फिल्म Cocktail 2 रिलीज हुई थी। लेकिन फिल्म को लोगों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला और माउथ पब्लिसिटी का फायदा हुआ. इसी वजह से नई फिल्म के आने के बावजूद मैं वापस आऊंगा ने पहले हफ्ते से भी ज्यादा कमाई की. अब दूसरे हफ्ते के बाद फिल्म के सामने एक और बड़ी चुनौती आने वाली है, क्योंकि अक्षय कुमार  की नई फिल्म इसकी राह में रुकावट बन सकती है.

शुक्रवार को अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म वेलकम टू द जंगल   सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, हालांकि, इसके स्पेशल पेड प्रीव्यू शो गुरुवार शाम से ही शुरू हो जाएंगे अक्षय कुमार  की फिल्म वेलकम टू द जंगल   में 30 से ज्यादा कलाकार नजर आएंगे. फिल्म में अक्षय के अलावा सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी समेत कई ऐसे कलाकार हैं, जिन्हें कॉमेडी के लिए खूब पसंद किया जाता है.

यह फिल्म हिट  वेलकम   फ्रेंचाइजी का हिस्सा है, इसलिए इसका फायदा भी इसे मिल सकता है. वहीं, दर्शकों में कॉमेडी फिल्मों को लेकर हमेशा अच्छा उत्साह देखने को मिलता है. ऐसे में इमोशन्स, ट्रेजेडी और भारत-पाक बंटवारे जैसे गंभीर विषय पर बनी मैं वापस आऊंगा के लिए  वेलकम टू द जंगल   बॉक्स ऑफिस पर बड़ी चुनौती और स्पीड ब्रेकर साबित हो सकती है.

मैं वापस आऊंगा की सबसे बड़ी ताकत दर्शकों का प्यार है. इसी सपोर्ट की वजह से फिल्म दूसरे हफ्ते में भी नई रिलीज फिल्मों के बीच मजबूती से टिकी रही. अब देखना दिलचस्प होगा कि तीसरे हफ्ते की शुरुआत में अक्षय कुमार  की बड़ी फिल्म के आने के बाद भी दर्शकों का यही प्यार मैं वापस आऊंगा को बॉक्स ऑफिस पर कितनी मजबूती देता है,

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो