इंदौर को मिलेगी ट्रैफिक जाम से राहत, रोबोट चौराहे पर बनेगा 50 करोड़ रुपये का सिक्स लेन फ्लाईओवर
इंदौर शहर के व्यस्त रिंग रोड स्थित रोबोट चौराहे पर करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से सिक्स लेन फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. इस परियोजना को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

भोपाल: देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना की घोषणा की गई है. बता दें, शहर के व्यस्त रिंग रोड स्थित रोबोट चौराहे पर करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से सिक्स लेन फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. इस परियोजना को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल
रोबोट चौराहा और इसके आसपास का क्षेत्र इंदौर के सबसे व्यस्त यातायात मार्गों में शामिल है. यहां रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, जिसके कारण पीक ऑवर्स में लंबे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है. वहीं फ्लाईओवर बनने के बाद इस मार्ग पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है, जिससे लोगों को समय और ईंधन दोनों की बचत होगी.
कितनी लोगों को मिलेगा लाभ
अधिकारियों के मुताबिक, इस परियोजना का सीधा लाभ प्रतिदिन करीब एक लाख वाहन चालकों को मिलेगा. वर्तमान में रोबोट चौराहा और रेडिसन चौराहा के बीच वाहनों की भारी आवाजाही के कारण लोगों को अक्सर धीमी गति से सफर करना पड़ता है. नए फ्लाईओवर के निर्माण से इस समस्या का काफी हद तक समाधान होने की संभावना है.
शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए खजराना गणेश मंदिर से कनाड़िया तक रिंग रोड के विस्तार की योजना पर भी काम किया जा रहा है. प्रशासन का मानना है कि आने वाले सालों में बढ़ने वाले यातायात को संभालने के लिए सड़क नेटवर्क का विस्तार बेहद जरूरी है.
आसपास 50 से अधिक कॉलोनियां स्थित
इस परियोजना की एक खास बात यह भी है कि प्रस्तावित फ्लाईओवर के आसपास 50 से अधिक बड़ी आवासीय कॉलोनियां स्थित हैं. ऐसे में स्थानीय निवासियों को भी बेहतर यातायात सुविधा का लाभ मिलेगा. लंबे समय से क्षेत्र के लोग सड़क चौड़ी करने और फ्लाईओवर निर्माण की मांग कर रहे थे, जिसे अब मंजूरी मिलने से उनमें राहत की उम्मीद जगी है. अब देखना होगा की फ्लाईओवर का निर्माण कार्य कब तक पूरा होगा.


