गांव में Sex Education पढ़ाने पहुंचा सुब्बू, मच गया बवाल, OTT पर आ रही है मजेदार सीरीज
ओटीटी पर कुछ नया और हल्का-फुल्का देखने वालों के लिए जल्द ही एक दिलचस्प सीरीज आने वाली है. बता दें, नेटफ्लिक्स ने अपनी नई कॉमेडी-ड्रामा सीरीज 'सुपर सुब्बू' की रिलीज डेट की घोषणा कर दी है.

मुंबई: ओटीटी पर कुछ नया और हल्का-फुल्का देखने वालों के लिए जल्द ही एक दिलचस्प सीरीज आने वाली है. बता दें, नेटफ्लिक्स ने अपनी नई कॉमेडी-ड्रामा सीरीज 'सुपर सुब्बू' की रिलीज डेट की घोषणा कर दी है. तेलुगू में बनी यह सीरीज हिंदी के साथ-साथ तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषा में भी रिलीज होने वाली है, जिसमें संदीप किशन लीड रोल में नजर आएंगे, जबकि मिथिला पालकर और मुरली शर्मा भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.
क्या है सीरीज की कहानी
सीरीज की कहानी सुब्रमण्यम चिल्लुकुरी राव यानी सुब्बू की है. वह एक साधारण और ईमानदार लड़का है, जो अपने सख्त पिता की डांट-फटकार से बचने के लिए एक गांव में सेक्स एजुकेशन टीचर की नौकरी स्वीकार कर लेता है. हालांकि, उसे यह अंदाजा नहीं होता कि यह नौकरी उसकी जिंदगी को पूरी तरह बदलने वाली है.
सेक्स एजुकेशन बना चुनौती
माकीपुर नाम के एक रूढ़िवादी गांव में पहुंचने के बाद सुब्बू को कई अनोखी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है. गांव के लोगों के लिए सेक्स एजुकेशन जैसा विषय खुलकर चर्चा करने लायक नहीं है. ऐसे में जब सुब्बू इस विषय को पढ़ाने की कोशिश करता है, तो गांव में जिज्ञासा, झिझक और कई मजेदार घटनाएं जन्म लेती हैं. बिना अनुभव के शिक्षक बने सुब्बू के सामने लोगों की सोच बदलने की बड़ी चुनौती होती है.
क्या दांव पर लगेगा सुब्बू का करियर
यह सीरीज सिर्फ हंसी-मजाक तक सीमित नहीं है. इसके जरिए परिवार, रिश्तों, पीढ़ियों के बीच सोच का अंतर और समाज में बदलाव जैसे मुद्दों को भी हल्के और मनोरंजक अंदाज में दिखाया गया है. कहानी के दौरान यह सवाल भी सामने आता है कि क्या सुब्बू अपने विश्वास और जिम्मेदारियों के लिए अपने प्यार, परिवार और करियर को दांव पर लगाने के लिए तैयार होगा.
कब होगी स्ट्रीम
सीरीज के निर्देशक मल्लिक राम का कहना है कि उन्होंने एक संवेदनशील विषय को हास्य के माध्यम से पेश करने की कोशिश की है ताकि लोग सहज होकर इस पर बात कर सकें. वहीं नेटफ्लिक्स इंडिया की कंटेंट वाइस प्रेसिडेंट मोनिका शेरगिल के मुताबिक, 'सुपर सुब्बू' मनोरंजन के साथ-साथ जरूरी सामाजिक मुद्दों पर बातचीत शुरू करने वाली कहानी है। बता दें, यह सात एपिसोड की सीरीज 2 जुलाई 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.


