'कुमकुम भाग्य' की एक्ट्रेस संचिता उगले ने 30 साल की उम्र में की आत्महत्या, साड़ी से फांसी लगाकर दी जान

टीवी के फेमस शो 'कुमकुम भाग्य' फेम एक्ट्रेस संचिता उगले ने साड़ी से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. जानकारी के अनुसार ये घटना कल यानी 14 जून शाम 6:30 बजे से 7:30 बजे की बताई जा रही है.

Shraddha Mishra

मुंबई: टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री संचिता उगले के निधन की खबर ने उनके प्रशंसकों और मनोरंजन जगत को स्तब्ध कर दिया है. महज 30 साल की उम्र में अभिनेत्री के इस तरह दुनिया छोड़ जाने की खबर ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना मुंबई के नालासोपारा इलाके में हुई, जहां संचिता अपने परिवार के साथ रहती थीं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, संचिता उगले नालासोपारा पूर्व स्थित आचोले गांव में अपने माता-पिता और छोटी बहन के साथ रहती थीं. बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब 6:30 बजे से 7:30 बजे के बीच यह घटना हुई. उस समय परिवार के अन्य सदस्य किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे और संचिता घर में अकेली थीं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभिनेत्री ने कथित तौर पर कमरे में साड़ी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. जब परिवार के लोग वापस लौटे तो उन्होंने संचिता को कमरे में अचेत अवस्था में पाया. 

डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिजन तुरंत संचिता को नजदीकी तुलिंज अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट बनी चर्चा का विषय

इस घटना के बाद संचिता उगले का आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में आ गया है. बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी मृत्यु से करीब 20 घंटे पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया था. वीडियो में वह बेहद खुश और सामान्य दिखाई दे रही थीं. उनके चेहरे पर मुस्कान थी और वह कैमरे के सामने पूरे आत्मविश्वास के साथ नजर आ रही थीं. यही वजह है कि उनके प्रशंसकों के लिए इस घटना पर विश्वास करना मुश्किल हो रहा है. सोशल मीडिया पर कई लोग उनके आखिरी पोस्ट को साझा कर अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं.

टीवी और फिल्मों में बनाई थी अलग पहचान

संचिता उगले ने अपने अभिनय करियर में कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों और फिल्मों में काम किया था. उन्होंने छोटे पर्दे पर अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर पहचान बनाई थी. वह 'कुमकुम भाग्य', 'वागले की दुनिया' और 'दिलवाले दूल्हा ले जाएंगे' जैसे चर्चित टीवी शो का हिस्सा रह चुकी थीं. इसके अलावा उन्होंने बड़े पर्दे पर भी काम किया और अभिनेता विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' में नजर आई थीं. संचिता ने फिल्म 'साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट' में भी अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दिया था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो