सुशांत की छठी पुण्यतिथि पर रो पड़ी बहन, AI तस्वीर शेयर कर बोलीं- 'भाई से बेहतर कोई भगवान राम नहीं बन सकता

बॉलीवुड के प्रतिभाशाली अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की छठी पुण्यतिथि है. उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने सोशल मीडिया पर एक दिल छू लेने वाला संदेश पोस्ट किया है. यह पोस्ट सुशांत के जीवन के बारे में है.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

मुंबई: बॉलीवुड के प्रतिभाशाली अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की छठी पुण्यतिथि है. उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने सोशल मीडिया पर एक दिल छू लेने वाला संदेश पोस्ट किया है. यह पोस्ट सुशांत के जीवन के बारे में है. सालों बीत जाने के बाद भी सुशांत के फैंस और उनके परिवार के दिलों में उनकी यादें आज भी उतनी ही ताजा हैं.

समय के बंधनों से परे है भाई

श्वेता ने शनिवार रात अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर सुशांत की कुछ तस्वीरों के साथ एक भावुक नोट लिखा. उन्होंने समय के बीतने और सुशांत के प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा, छह साल बीत गए समय आगे बढ़ गया है, लेकिन कुछ आत्माएं समय के दायरे से कहीं ज्यादा बड़ी हो जाती हैं. आज जब मैं भाई के बारे में सोचती हूं तो मेरे दिमाग में यह नहीं आता कि वह हमें कैसे छोड़कर गए. मेरे दिमाग में यह आता है कि उन्होंने अपना जीवन कैसे जिया.

सितारों और ब्रह्मांड में खोया रहता था मेरा भाई

सुशांत की जिज्ञासा और उनके दयालु स्वभाव को याद करते हुए श्वेता ने लिखा कि वह हमेशा नई चीजों को सीखने के लिए उत्सुक रहते थे. उन्होंने आगे लिखा, मुझे भाई की वो बच्चों जैसी जिज्ञासा याद आती है. जीवन के प्रति उनका असीम आकर्षण, तारे, ब्रह्मांड और इंसानी दिमाग के रहस्यों को जानने की उनकी ललक हमेशा याद रहेगी. वह एक ऐसी शख्सियत थे जिन्होंने हर इंसान को हमेशा सम्मान और गरिमा के साथ देखा. चाहे वह कोई भी हो। उन्होंने हमें सिखाया कि यदि आपके भीतर करुणा नहीं है तो सफलता के कोई मायने नहीं रह जाते.

प्रशंसकों की नजरों में सुशांत ही थे 'भगवान राम'

श्वेता ने अपने पोस्ट में इस बात पर जोर दिया कि सुशांत को याद करने का सबसे सही तरीका उनके दिखाए रास्ते पर चलना है. उन्होंने लिखा, भाई को हमारी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि दुख मनाना नहीं है. बल्कि उन मूल्यों को अपने जीवन में उतारना है जो उन्होंने जिए. हमेशा जिज्ञासु रहें, दयालु बनें, सीखते रहें और निडर होकर सपने देखें. किसी के जीवन की गहराई इस बात से नहीं मापी जाती कि वह कितने समय तक जिया बल्कि इससे मापी जाती है कि उसने कितने दिलों को जगाया.

एआई-जनरेटेड तस्वीर

श्वेता द्वारा साझा की गई तस्वीरों में सुशांत सिंह राजपूत की एक एआई-जनरेटेड तस्वीर भी शामिल है. जिसमें उन्हें भगवान श्री राम के रूप में दिखाया गया है. नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' का टीजर आने के बाद इंटरनेट पर सुशांत की ऐसी कई तस्वीरें वायरल हुई थीं. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए श्वेता ने कहा था कि वर्तमान समय में कोई भी अभिनेता भगवान राम के किरदार को उतनी खूबसूरती से नहीं निभा सकता था, जितनी सहजता से उनके भाई निभाते.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो