FIFA World Cup 2026:कनाडा में नोरा फतेही का जलवा, फीफा वर्ल्ड कप की ओपनिंग सेरेमनी में अपने डांस से लगाई आग
बॉलीवुड आइकन नोरा फतेही ने अपने होमटाउन में कदम रखते ही फीफा वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में बेहद विस्फोटक परफॉर्मेंस के साथ शुरुआत की. मंच पर आते ही नोरा ने ऐसी आग लगाई कि पूरी दुनिया देखती रह गई.

नई दिल्ली: कनाडा के टोरंटो स्थित प्रसिद्ध 'बीएमओ फील्ड' स्टेडियम में फुटबॉल के महाकुंभ का एक बेहद जादुई और ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला. शुक्रवार रात को जब इस मैदान पर मैच की पहली किक भी नहीं लगी थी, उससे पहले ही पूरा स्टेडियम एक खास घरेलू धुन पर थिरक रहा था. टोरंटो की मिट्टी में जन्मीं और मौजूदा दौर में वैश्विक बॉलीवुड आइकन बन चुकीं मशहूर डांसर व अभिनेत्री नोरा फतेही ने मंच संभालते ही फीफा वर्ल्ड कप 2026 के कनाडाई चरण की शुरुआत एक विस्फोटक उद्घाटन प्रस्तुति के साथ की.
चार भाषाओं के संगम से बना एंथम 'सीर सीर'
मूल रूप से मोरक्को मूल के परिवार से ताल्लुक रखने वाली और कनाडाई नागरिक नोरा फतेही के लिए यह उनका सबसे बड़ा 'होमकमिंग' मोमेंट था. इस भव्य मंच पर उन्होंने अपने नए आधिकारिक फीफा एंथम 'सीर सीर' को पूरी दुनिया के सामने लाइव लॉन्च किया. इस हाई-ऑक्टेन ट्रैक को नोरा ने प्रसिद्ध संगीतकार वेगेड्रील और संजोय के साथ मिलकर तैयार किया है. यह गाना नोरा की खुद की पहचान को प्रदर्शित करता है. जिसमें मोरक्कन दरीजा , पारंपरिक अरबी, फ्रेंच और अंग्रेजी भाषा का बेहद खूबसूरत और लयबद्ध मिश्रण किया गया है.
عاجل
عرض نورا فتيحي في افتتاح كأس العالم في كندا 🇨🇦🏆 pic.twitter.com/2rTUuWaven— قورجس (@gorgeous4ew) June 12, 2026
गली-मोहल्लों के फुटबॉल से प्रेरित है यह गाना
इस एंथम का शीर्षक 'सीर सीर' मोरक्को के फुटबॉल प्रशंसकों के एक बेहद लोकप्रिय नारे से लिया गया है, जिसका शाब्दिक अर्थ होता है, जाओ, आगे बढ़ो. नोरा फतेही ने इस हुक लाइन के बारे में बताते हुए कहा कि उन्होंने इस शब्द को इसलिए चुना ताकि यह दुनिया के हर कोने में बैठे फुटबॉल प्रशंसकों का एक साझा नारा बन सके, चाहे वे इस सीजन में किसी भी देश का समर्थन कर रहे हों.
पूरे प्रोजेक्ट किस आधार पर है?
इस पूरे प्रोजेक्ट का आधार 'स्ट्रीट फुटबॉल' की जमीनी संस्कृति है. इस गाने का वीडियो पूरी तरह से मोरक्को की गलियों में फिल्माया गया है. जो यह दिखाता है कि कैसे धूल भरी तंग गलियों से शुरू हुआ बच्चों का खेल दुनिया के सबसे शानदार और आलीशान मेगा-स्टेडियम तक का सफर तय करता है.
कतर के बाद अब टोरंटो में नोरा का जलवा
नोरा फतेही के लिए टोरंटो के इस घरेलू मैदान पर प्रदर्शन करना बेहद भावुक क्षण था. उन्होंने महज 22 साल की उम्र में बॉलीवुड में अपनी किस्मत आजमाने के लिए टोरंटो छोड़ दिया था और आज वह दुनिया के सबसे बड़े खेल मंच पर एक ग्लोबल हेडलाइनर के रूप में वापस लौटी हैं. इससे पहले नोरा कतर में आयोजित फीफा वर्ल्ड कप 2022 के समापन समारोह में भी अपनी कला का जादू बिखेर चुकी हैं.
कुल 18 गानों का साउंडट्रैक
इस बार फीफा ने कुल 18 गानों का एक साउंडट्रैक तैयार किया है. कनाडा से ठीक 24 घंटे पहले, मेक्सिको सिटी के मशहूर 'एस्टाडियो एजटेका' में कोलंबियाई पॉप स्टार शकीरा, अफ्रीकी बीट्स के दिग्गज बर्न बॉय, जे बाल्विन और टायला ने एक सुरमयी उद्घाटन किया था, जिसके बाद मेक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से मात दी थी.


