Freezing process: प्रियंका चोपड़ा की तरह एग फ्रीज करवा हर औरत 40 के बाद भी बन सकती है मां, जानिए क्या है ये तकनीक

प्रियंका चोपड़ा की तरह हर महिला एक उम्र के बाद मां बन सकती है, क्योंकि एग फ्रीजिंग की तकनीक के जरिए अब एग्स को सुरक्षित और फ्रीज किया जा सकता है।

Vineeta Vashisth
Vineeta Vashisth
दुनिया में ज्यादातर ऐसी महिलाएं हैं जो एक निश्चित  उम्र में मां बनने का सुख उठाती हैं, लेकिन कई ऐसी महिलाएं भी हैं जो करियर, नौकरी, निजी चाहत, किसी बीमारी या फिर अन्य वजहों से समय पर कंसीव नहीं करना चाहती हैं। लेकिन ये तो हम जानते हैं कि महिलाओं की बायोलॉजिकल क्लाक के अनुसार मां बनने की एक निश्चित उम्र होती है और अगर  वो उम्र निकल जाए तो मां बनना किसी भी औरत के लिए मुश्किल हो जाता है. ऐसे में महिलाएं उम्र निकल जाने के बाद अपने मां बनने के सपने को सपना ही समझ लेती हैं । लेकिन अब ऐसी महिलाओं को मां बनने की सपना मारना नहीं पड़ेगा और वो उम्र निकल जाने के बाद भी यानी 40 साल के बाद भी मां बन सकती हैं। आपको बता दें कि हाल ही में बॉलीवुड और हॉलीवुड में अपनी एक्टिंग के जलवे बिखेर रही इंटरनेशनल स्टार प्रियंका चोपड़ा ने एक इंटरव्यू में बताया है कि उन्होंने भी अपनी मां के कहने पर तीस साल की उम्र में एग फ्रीजिंग तकनीक के जरिए अपने एग्स फ्रीज करवा दिए थे. इसके बाद वो निक से मिली और दोनों ने शादी की. पिछले ही साल प्रियंका चोपड़ा ने उन्हीं फ्रीजिंग एग्स के चलते मां बनने का सुख पाया है. 
 
महिलाओं के लिए वरदान है एग फ्रीजिंग तकनीक-
 
प्रियंका ही नहीं कई मशहूर महिलाओं ने अपने एग्स फ्रीज करवाए हैं ताकि वो ज्यादा उम्र होने पर भी मातृत्व का सुख ले सकें। इन महिलाओं में काजोल की बहन और एक्ट्रेस तनिषा मुखर्जी भी शामिल हैं। इसके अलावा टीवी इंडस्ट्री की मशहूर शख्सियत एकता कपूर और थ्री इडियट फेम मोना कपूर भी अपने एग्स फ्रीज करवा चुकी हैं। देखा जाए तो ये तकनीक उन औरतों के लिए वरदान है जो कंसीव करने की उम्र में मां नहीं बनना चाहती है और करियर बनाने  या फिर एक एज के बाद मां बनना चाहती हैं. वो अपने एग्स इस तकनीक के जरिए एग बैंक में फ्रीज करवा सकती हैं ताकि जब महिला चाहे वो मां बन सके। डॉक्टर कहते हैं कि महिलाओं की बायोलॉजिकल क्लॉक यानी शारीरिक घड़ी के अनुसार महिलाओं की मां बनने की सबसे अच्छी उम्र 20 से 30 साल के बीच होती है। जैसे जैसे महिलाओं की एज बढ़ती है, उनकी प्रजनन क्षमता कमजोर होने लगती है और उनको गर्भधारण करने में दिक्कत आने लगती है। 
 
क्या है फ्रीजिंग एग टेक्नॉलजी-
 
एग फ्रीजिंग टैक्नॉलजी ऐसी आधुनिक तकनीक कही जा रही है जिसके तहत महिलाओं की ओवरी यानी अंडाशय से स्वस्थ और बेहतरीन एग्स निकाल कर उन्हें बेहद कम तापमान वाले वातावरण में फ्रीज कर दिया जाता है। इस प्रोसेस में एग्स की क्वालिटी कभी खराब नहीं होती और सालों बाद भी उनका निषेचन करके संतान सुख पाया जा सकता है।
 
इस तकनीक में अंडों का क्रायोप्रिजरवेशन (अंडों को कम तापमान में फ्रीज किए जाने की प्रक्रिया) किया जाता है. महिला 18 साल से लेकर 40 साल तक भी अपने अंडे यहां फ्रीज करवी रही हैं। आपको बता दें कि अंडों को फ्रीजिंग के जरिए स्टोर और सुरक्षित रखने के लिए विश्व में कई सारे एग स्टोर, एग्स क्लीनिक और एग बैंक बन चुके हैं जहां इनको हिफाजत से रखा जाता है। एग्स को फ्रीज करने की प्रोसेस को आम भाषा में एग फ्रीजिंग और एग बैंकिंग कहा जाता है। आपको बता दें कि इस प्रोसेस में कहीं से भी अंडों की क्वालिटी और उनकी सुरक्षा को खतरा नहीं होता है। इसके  बाद जिस वक्त महिला की ख्वाहिश होती है, उस  वक्त डॉक्टर  इन अंडों को पुरुष के स्पर्म से मिलाकर निषेचित करते हैं औऱ निषेचन प्रक्रिया के बाद इन एग्स को महिला के अंडाशय में प्लेस कर दिया जाता है। 
 
यानी अब करियर, बीमारी और अन्य वजहों से मां बनने में देर कर रही औरतों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। वो अपने अंडों को फ्रीज करवा कर मां बनने की एज निकल जाने के बाद भी मां बनने का अतुलनीय सुख उठाने में कामयाब हो सकती हैं।
calender
30 March 2023, 07:26 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो