बहरीन में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे एक उच्चस्तरीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने वैश्विक नेताओं के साथ बातचीत में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया. इस दल में शामिल AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान को नाकाम देश करार देते हुए उसकी आतंकी नीति और आतंकवाद को समर्थन देने वाली गतिविधियों की कड़ी आलोचना की.
बीजेपी सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में ये प्रतिनिधिमंडल बहरीन पहुंचा, जहां उन्होंने कई वरिष्ठ अधिकारियों व गणमान्य लोगों से मुलाकात कर भारत की सुरक्षा चिंताओं और पाकिस्तान से उत्पन्न हो रहे खतरों की गंभीरता को सामने रखा. ओवैसी ने भारत के रुख को मजबूती से रखते हुए दुनिया से समर्थन मांगा.
ओवैसी ने अपने संबोधन में दो टूक शब्दों में कहा कि हमारी सरकार ने हमें यहां भेजा है ताकि दुनिया को ये समझा सकें कि भारत पिछले कई सालों से किस तरह के खतरों का सामना कर रहा है. दुर्भाग्य से हमारे कई निर्दोष लोग मारे जा चुके हैं. इस समस्या की जड़ पाकिस्तान है. जब तक पाकिस्तान आतंकवादी संगठनों को समर्थन देना, मदद करना और उन्हें प्रायोजित करना बंद नहीं करता, तब तक ये खतरा बना रहेगा.
AIMIM प्रमुख ने भारत की सैन्य नीति पर जोर देते हुए कहा कि देश की सरकार हर संभव कदम उठा रही है ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. भारत अपने लोगों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठा रहा है और अगर पाकिस्तान फिर से कोई गलती करता है तो इस बार जवाब बहुत सख्त होगा. बहरीन में हुए संवाद में ओवैसी ने 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले का उल्लेख किया, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की मौत हुई थी. एक महिला, जिसकी शादी को सिर्फ 6 दिन हुए थे, सातवें दिन विधवा हो गई. दूसरी महिला ने दो महीने पहले शादी की थी, उसका पति भी इस हमले में मारा गया.
ओवैसी ने कहा कि भारत के पास अत्याधुनिक रक्षा तकनीक और युद्ध कौशल है, जिससे वो ना केवल अपने नागरिकों बल्कि भारत में रहने वाले हर व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है. भारत के पास मजबूत रक्षा तकनीक और ताकत है जिससे वो अपने सभी नागरिकों की सुरक्षा कर सकता है.
ओवैसी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वे पाकिस्तान को फिर से FATF की ग्रे लिस्ट में शामिल कराने में भारत का समर्थन करें. ओवैसी ने कहा कि मैं बहरीन सरकार से अपील करता हूं कि वो FATF की ग्रे लिस्ट में पाकिस्तान को फिर से डालने में भारत की मदद करे, क्योंकि पाकिस्तान का पैसा आतंक फैलाने में इस्तेमाल हो रहा है.
इस सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीजेपी सांसद बैजयंत पांडा कर रहे हैं. प्रतिनिधिमंडल में शामिल अन्य प्रमुख सदस्य हैं - सांसद निशिकांत दुबे, फंगनोन कोन्याक, रेखा शर्मा, AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी, सतनाम सिंह संधू, वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आज़ाद और राजदूत हर्ष श्रृंगला. First Updated : Sunday, 25 May 2025