76th Republic Day of India: भारत के 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कश्मीर के श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक लाल चौक का नजारा देशभक्ति से सराबोर नजर आया. कभी आतंक और अशांति के दौर से गुजरने वाला यह इलाका अब देशभक्ति के गीतों और तिरंगे की रोशनी में झूम रहा है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लाल चौक पर कुछ युवा 'धरती सुनहरी, अंबर नीला...' गीत पर झूमते हुए जश्न मना रहे हैं.
घंटाघर पर लहराता तिरंगा
आपको बता दें कि लाल चौक का घंटाघर, जो कभी आतंक का केंद्र माना जाता था, अब कश्मीर की नई पहचान बन गया है. स्मार्ट सिटी योजना के तहत इसके कायाकल्प के बाद यह श्रीनगर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो गया है. अब यहां हर राष्ट्रीय पर्व पर तिरंगा शान से लहराता है, जो न केवल देश की आजादी का प्रतीक है बल्कि कश्मीर के नए युग की कहानी भी सुनाता है.
आतंक से लेकर आकर्षण तक का सफर
वहीं आपको बता दें कि लाल चौक ने अशांति और आतंक का लंबा दौर देखा है. कभी ग्रेनेड हमलों और बम धमाकों का शिकार रहे इस इलाके ने 1992 में एक ऐतिहासिक पल देखा था, जब भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी ने यहां तिरंगा फहराया. उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनके साथ मौजूद थे. धारा 370 हटने के बाद यह इलाका शांति और विकास की ओर बढ़ा और अब पर्यटकों के लिए खास सेल्फी प्वाइंट के रूप में उभरा है.
लाल चौक - कश्मीर की बदलती तस्वीर
इसके अलावा आपको बता दें कि लाल चौक का घंटाघर अब सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि कश्मीर की बदलती तस्वीर का प्रतीक बन चुका है. यहां की जगमगाहट और तिरंगे की शान उन सभी कठिनाइयों पर विजय का संदेश देती है, जो इसने झेली हैं. First Updated : Sunday, 26 January 2025