कर्नाटक में गणेश विसर्जन के दौरान उमड़ी भीड़ को ट्रक ने रौंदा, 8 की मौत, 20 से अधिक घायल
हसन जिले में शुक्रवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में गणेश विसर्जन जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं को एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिसमें कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए.

Karnata Accident: कर्नाटक के हसन जिले में शुक्रवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में गणेश विसर्जन जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं को एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिसमें कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए. यह दर्दनाक घटना हसन तालुक के मोसले होसहल्ली रेलवे गेट के पास हुई.
तेज़ रफ्तार ट्रक बना काल
पुलिस के अनुसार, गणेश विसर्जन के दौरान भीड़ में शामिल लोगों पर एक मालवाहक ट्रक तेज़ी से चढ़ गया. ट्रक ड्राइवर की लापरवाही और तेज गति इस हादसे का मुख्य कारण बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, फिर डिवाइडर से टकराया और अंत में भीड़ में घुस गया, जिससे भगदड़ और चीख-पुकार मच गई.
मृतकों में पांच इंजीनियरिंग छात्र
हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार ने इलाज के दौरान अस्पतालों में दम तोड़ दिया. पुलिस के अनुसार, मृतकों में पांच इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र शामिल हैं. हादसे में शामिल लोग मोसले होसहल्ली, हीरेहल्ली और आसपास के गांवों से आए थे.
VIDEO | Hassan, Karnataka: Several feared dead as a lorry crashes into Ganapati procession in Mosale Hosahalli. Further details awaited.
— Press Trust of India (@PTI_News) September 12, 2025
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvqRQz)
(Source: Third party) pic.twitter.com/lw4Ll5hwJu
ड्राइवर की पिटाई
ट्रक चालक भुवनेश को भीड़ ने मौके पर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद घायलों को हसन शहर और होलेनरसीपुर के सरकारी व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया.
राजनीतिक प्रतिक्रिया और मौके पर पहुंचे नेता
हादसे पर केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि मोसले होसहल्ली में गणेश विसर्जन के दौरान हुए हादसे की खबर सुनकर स्तब्ध हूं. श्रद्धालुओं की इस तरह मृत्यु अत्यंत दुखद है. मैं मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. राज्य सरकार को घायलों को बेहतर इलाज मुफ़्त में दिलाने की व्यवस्था करनी चाहिए.
जेडीएस विधायक एच. डी. रेवन्ना, उनके पुत्र MLC सूरज रेवन्ना और हसन सांसद श्रेयस पटेल भी घटनास्थल पर पहुंचे. विधायक रेवन्ना ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि यह हादसा प्रशासन की विफलता का परिणाम है. गोरूर पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है.


