ब्रिक्स सीसीआई में AAP की एंट्री! प्रियंका कक्कड़ को महिला विंग में अहम जिम्मेदारी

आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ को ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की महिला विंग का सह-अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. यह नियुक्ति 2025 से 2027 तक के लिए होगी. संगठन ने उनकी नेतृत्व क्षमता और महिला सशक्तिकरण के प्रति समर्पण को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है.

Dimple Yadav
Edited By: Dimple Yadav

आम आदमी पार्टी (AAP) को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिली है. पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता प्रियंका कक्कड़ को ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (BRICS CCI) की महिला विंग का सह-अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. इस जिम्मेदारी के साथ प्रियंका कक्कड़ ब्रिक्स मंच पर महिलाओं के नेतृत्व और सशक्तिकरण को नई दिशा देने का कार्य करेंगी. उनकी नियुक्ति वित्तीय वर्ष 2025 से 2027 के लिए की गई है.

ब्रिक्स CCI की ओर से जारी पत्र में प्रियंका कक्कड़ की नियुक्ति की पुष्टि की गई है. पत्र में लिखा गया है कि, “हमें आपको ब्रिक्स CCI महिला विंग की सह-अध्यक्ष नियुक्त करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है. आपका नेतृत्व कौशल, समावेशिता के प्रति समर्पण और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता इस भूमिका के लिए आपको उपयुक्त बनाती है.”

ब्रिक्स CCI ने जताया भरोसा

ब्रिक्स CCI एक गैर-लाभकारी अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जो ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, ईरान, मिस्र, इथियोपिया, UAE और इंडोनेशिया जैसे देशों के बीच आर्थिक सहयोग और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए काम करता है. इस संगठन ने पिछले वर्षों में बड़े स्तर पर विस्तार करते हुए कई रणनीतिक साझेदारियों और नेटवर्किंग मंचों का निर्माण किया है.

महिलाओं को नेतृत्व में लाने की दिशा में कदम

प्रियंका को दी गई भूमिका सिर्फ सम्मान नहीं, बल्कि एक रणनीतिक जिम्मेदारी भी है. संगठन ने पत्र में लिखा, “सह-अध्यक्ष के तौर पर आप रणनीतिक दिशा तय करेंगी, उभरती महिला नेताओं का मार्गदर्शन करेंगी और BRICS देशों में समान अवसरों का पारिस्थितिकी तंत्र बनाने में योगदान देंगी.”

यह नियुक्ति दो वर्ष की होगी और इसे 2025-27 के कार्यकाल के लिए प्रभावी माना जाएगा. संगठन को उम्मीद है कि प्रियंका कक्कड़ के जुड़ने से महिला विंग की पहुंच और प्रभावशीलता में इजाफा होगा. उन्हें नेतृत्व दल का अहम हिस्सा माना जाएगा.

आप के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान

AAP के लिए यह नियुक्ति अंतरराष्ट्रीय राजनीति और नीति निर्माण के मंचों पर एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. यह संकेत देती है कि पार्टी के नेता वैश्विक मंचों पर भी अपना प्रभाव और दृष्टिकोण स्थापित करने में सफल हो रहे हैं. प्रियंका कक्कड़ की यह नियुक्ति आने वाले समय में महिला नेतृत्व और भारत की भूमिका को BRICS देशों के बीच और मजबूत बना सकती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag