मोसाद पर आसिम मुनीर को जिनेवा में मारने की साजिश का दावा, पत्रकार एस्कोबार के बयान से हड़कंप
आसिम मुनीर की हत्या की साजिश का दावा ब्राजील के खोजी पत्रकार पेपे एस्कोबार ने मारियो नवाफल के पॉडकास्ट में किया। मारियो एक पॉलिटिकल कमेंटेटर और इंटरनेट पर्सनैलिटी हैं।

नई दिल्ली: ब्राजील के पत्रकार और जियो-स्ट्रैटेजिक एक्सपर्ट पेपे एस्कोबार के एक दावे से पाकिस्तान से लेकर ईरान तक सियासी हलचल मच गई है। एस्कोबार ने कहा कि इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और उनके डेलिगेशन की हत्या की साजिश रची थी। दावा है कि यह ऑपरेशन स्विट्जरलैंड के जिनेवा में ईरान शांति वार्ता के दौरान किया जाना था।
पाकिस्तान बना रहा था ईरान-अमेरिका के बीच मध्यस्थ
पाकिस्तान, अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाने की कोशिश कर रहा है। दोनों देशों के बीच शुरुआती समझौते को 'इस्लामाबाद मेमोरैंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग' नाम दिया गया है। इस्लामाबाद MoU पर आगे की बातचीत जिनेवा में हुई। इसमें अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई बड़े अधिकारी शामिल थे।
पॉडकास्ट में किया गया सनसनीखेज दावा
आसिम मुनीर की हत्या की साजिश का दावा ब्राजील के खोजी पत्रकार पेपे एस्कोबार ने मारियो नवाफल के पॉडकास्ट में किया। मारियो एक पॉलिटिकल कमेंटेटर और इंटरनेट पर्सनैलिटी हैं। एस्कोबार ने कहा कि पाकिस्तानी मिलिट्री इंटेलिजेंस को बहुत भरोसेमंद जानकारी मिली थी कि मोसाद जिनेवा में हाई-लेवल बातचीत के दौरान मुनीर और पाकिस्तानी डेलिगेशन के दूसरे सदस्यों को निशाना बनाने की तैयारी में था।
इजरायली नेताओं ने ईरान-अमेरिका शांति समझौते की आलोचना की थी। उनका कहना था कि उन्हें इसमें शामिल नहीं किया गया। लेबनान में इजरायल के मिलिट्री ऑपरेशन से भी समझौते के टूटने का खतरा बताया गया था। इजरायल ने कहा था कि वह हिजबुल्लाह के खतरे के कारण लेबनान में ऑपरेशन नहीं रोकेगा।
पाकिस्तान का कड़ा जवाब: 'नक्शे से मिटा देंगे'
एस्कोबार ने कहा, "पाकिस्तानी सेना को पुख्ता सूचना मिली थी कि नेतन्याहू के आदेश पर मोसाद आसिम मुनीर और बाकी डेलिगेशन की हत्या की साजिश रच रहा था।" उन्होंने आगे बताया कि जानकारी मिलने पर पाकिस्तान ने ओमान के जरिए इजरायल को सीधा संदेश भेजा। संदेश में कहा गया, 'अगर तुमने हमारे प्रतिनिधिमंडल को छुआ, तो हम तुम्हें नक्शे से मिटा देंगे।' पाकिस्तान इकलौता इस्लामिक देश है जिसके पास परमाणु हथियार हैं। इजरायल को भी परमाणु शक्ति माना जाता है।
दावे की पुष्टि नहीं, पाक पत्रकारों ने किया खारिज
एस्कोबार के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। न पाकिस्तान और न इजरायल सरकार ने इसकी पुष्टि की है। दावे के समर्थन में कोई सबूत भी सामने नहीं आया है। आसिम मुनीर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाले उस डेलिगेशन का हिस्सा थे जो वाशिंगटन और तेहरान के बीच तनाव कम करने की कोशिश में शामिल था। हालांकि पाकिस्तानी पत्रकारों ने एस्कोबार के दावे को तथ्यों से रहित कहानी बताया है।


