राहुल गांधी के ‘देशद्रोही’ वाले बयान पर भाजपा का पलटवार, कहा ‘आतंकियों जैसी भाषा’

भाजपा नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी की भाषा पाकिस्तान और आतंकवादियों जैसी है। उन्होंने कांग्रेस नेता के बयान को लोकतंत्र का अपमान बताया।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के एक बयान ने सियासी माहौल गर्म कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस को लेकर की गई उनकी टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ा पलटवार किया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी की भाषा पाकिस्तान और आतंकवादियों जैसी है। उन्होंने कांग्रेस नेता के बयान को लोकतंत्र का अपमान बताया।

रायबरेली में दिया था विवादित बयान   

राहुल गांधी बुधवार, 20 मई 2026 को उत्तर प्रदेश के रायबरेली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब आरएसएस कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी और अमित शाह की बात करें तो उन्हें जवाब देना चाहिए कि आपके प्रधानमंत्री गद्दार हैं, आपके गृह मंत्री गद्दार हैं और आपका संगठन गद्दार है। राहुल ने आरोप लगाया कि आरएसएस और भाजपा ने संविधान, डॉ. भीमराव आंबेडकर और महात्मा गांधी के विचारों पर हमला किया है।

भाजपा नेताओं का तीखा हमला   

राहुल गांधी के इस बयान के बाद भाजपा ने मोर्चा खोल दिया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की भाषा दुश्मन देश जैसी हो गई है। उन्होंने कहा कि देश की जनता और युवा पीएम मोदी और अमित शाह के साथ खड़े हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी की भाषा पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों जैसी है। भंडारी ने आरोप लगाया कि राहुल राजनीतिक विरोधी की तरह नहीं बल्कि भारतीय राज्य के खिलाफ लड़ने वाले व्यक्ति की तरह बर्ताव कर रहे हैं।

सीएम योगी ने मांगी सार्वजनिक माफी   

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कांग्रेस की विभाजनकारी और तुष्टिकरण की राजनीति के युवराज का बयान लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी अनादरपूर्ण सोच को दिखाता है। योगी ने राहुल गांधी से पूरे देश से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।

अनुराग ठाकुर बोले, कांग्रेस ने किया लोकतंत्र पर हमला   

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस संविधान को कमजोर कर रही है। उन्होंने इमरजेंसी का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला कांग्रेस शासन में ही हुआ था। ठाकुर ने कहा कि आरएसएस हमेशा देशहित में काम करता आया है। भाजपा और संघ के खिलाफ अपमानजनक भाषा बोलना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो