बम से उड़ा देंगे, अयोध्या एक्सप्रेस में ब्लास्ट की धमकी, बीच रास्ते रोकी ट्रेन

Ayodhya Express Bomb Threat: अयोध्या से दिल्ली जा रही अयोध्या एक्सप्रेस में शुक्रवार शाम ट्रेन के टॉयलेट में एक धमकी भरा संदेश मिला. संदेश में लिखा था कि लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर ट्रेन को आरडीएक्स से उड़ा दिया जाएगा. इसकी सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया और ट्रेन को बाराबंकी स्टेशन पर रोककर गहन जांच शुरू की गई.

calender

Ayodhya Express Bomb Threat: अयोध्या से दिल्ली जा रही अयोध्या एक्सप्रेस (1420) में शुक्रवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया. दरअसल ट्रेन के टॉयलेट में लिखा था कि लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर ट्रेन को आरडीएक्स वाले बम से उड़ा दिया जाएगा. इस धमकी भरे संदेश के सामने आते ही यात्रियों में दहशत फैल गई और तुरंत रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई.

रेलवे प्रशासन ने मामले की गंभीरता को समझते हुए फौरन कार्रवाई की और ट्रेन को बाराबंकी स्टेशन पर रोकने का आदेश दिया. स्टेशन पर पहुंचते ही ट्रेन की सुरक्षा जांच शुरू की गई, जिसमें बम डिस्पोजल स्क्वॉड, जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस के अधिकारी शामिल थे. लगभग दो घंटे की गहन जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह महज एक शरारत थी और ट्रेन पूरी तरह सुरक्षित है.

यात्री के खुलासे से मचा हड़कंप

ट्रेन के एक यात्री ने टॉयलेट का उपयोग करने के दौरान वहां लिखी गई धमकी देखी. जैसे ही उसने संदेश पढ़ा, वह घबराकर बाहर निकला और अन्य यात्रियों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद यात्रियों ने तत्काल ट्रेन में मौजूद रेलवे कर्मचारियों को सूचित किया.

रेलवे प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की

रेलवे के उच्च अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बाराबंकी स्टेशन पर ट्रेन को रोकने का निर्णय लिया. शाम करीब 7:25 बजे ट्रेन बाराबंकी स्टेशन पर रोकी गई, जहां बम डिस्पोजल स्क्वॉड, जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस की टीमों ने तलाशी अभियान शुरू किया.

बोगी को खाली कराकर की गई तलाशी

सबसे पहले यात्रियों को ट्रेन से उतारा गया, फिर हर कोच की गहन जांच की गई. धमकी अयोध्या एक्सप्रेस की कोच संख्या एस-8 के टॉयलेट में लिखी गई थी, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं. जांच के दौरान बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा. करीब दो घंटे चली जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पुष्टि की कि कोई बम नहीं मिला और यह धमकी केवल एक शरारती तत्व द्वारा दी गई थी. इसके बाद रात 9:25 बजे ट्रेन को यात्रियों के साथ सुरक्षित रूप से आगे रवाना कर दिया गया. First Updated : Saturday, 08 March 2025