छत्तीसगढ़ में IAS अफसरों का बड़ा फेरबदल, जानिए किसे कौन सा विभाग मिला

छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई IAS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की हैं. कई विभागों में नए सचिव और प्रमुख सचिव बनाए गए हैं. साथ ही कई जिलों में नए कलेक्टर भी नियुक्त किए गए हैं.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले और नई नियुक्तियों का आदेश जारी किया है. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी सूची में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नए विभागों की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं. इस फेरबदल को राज्य प्रशासन में व्यापक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है.

ऋचा शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी 

नई नियुक्तियों के तहत ऋचा शर्मा को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है. साथ ही उन्हें विकास आयुक्त और ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान के महानिदेशक की जिम्मेदारी भी दी गई है. वहीं मनोज कुमार पिंगुआ को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है.

ऊर्जा विभाग में भी अहम बदलाव किए गए हैं. सुबोध कुमार सिंह को विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है और राज्य विद्युत कंपनियों के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. निहारिका बारिक को गृह एवं जेल विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि शहला निगार को महिला एवं बाल विकास विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है. इसके अलावा उन्हें समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है.

वित्त विभाग में सचिव बने डॉ. रोहित यादव 

वित्त विभाग में डॉ. रोहित यादव को सचिव बनाया गया है. उनके पास जनसंपर्क विभाग और पेंशन निवारण समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी रहेगी. स्कूल शिक्षा विभाग में डॉ. कमलप्रीत सिंह को सचिव नियुक्त किया गया है. कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग की कमान परदेशी सिद्धार्थ कोमल को सौंपी गई है, जिन्हें कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है.

सरकार ने कई जिलों में नए कलेक्टरों की नियुक्ति भी की है. पुष्पा साहू को कोरिया, डॉ. संतोष कुमार देवांगन को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और चंदन संजय त्रिपाठी को बलरामपुर-रामानुजगंज का कलेक्टर बनाया गया है. वहीं संतान देवी जांगड़े को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, पद्मिनी भोई साहू को सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रेना जमील को सूरजपुर जिले की जिम्मेदारी दी गई है. विश्वदीप को बीजापुर का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है.

 रायपुर स्मार्ट सिटी के एमडी बने संबित मिश्रा

इसके अलावा संबित मिश्रा को रायपुर नगर निगम आयुक्त और रायपुर स्मार्ट सिटी का एमडी बनाया गया है. श्याम लाल धावड़े को रायपुर संभाग का आयुक्त नियुक्त किया गया है. सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी योजनाओं और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो