कॉकरोच जनता पार्टी का X अकाउंट हुआ बैन, जस्टिस सूर्यकांत के बयान के बाद शुरू हुआ था विवाद

कॉकरोच जनता पार्टी का गठन उस वक्त चर्चा में आया, जब देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के एक बयान पर जबरदस्त विवाद खड़ा हो गया. इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया और विरोध के बीच इस नई पार्टी की एंट्री ने सबका ध्यान खींच लिया.

calender

नई दिल्ली: मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद अब सोशल मीडिया की बड़ी बहस बन गया है. युवाओं की नाराजगी के बीच बनाई गई कॉकरोच जनता पार्टी का X अकाउंट भारत में बैन कर दिया गया है. अकाउंट बंद होने के बाद सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की आजादी और प्लेटफॉर्म की कार्रवाई को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है.

यह विवाद उस समय शुरू हुआ था जब सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत की एक टिप्पणी वायरल हो गई थी. इसके बाद सोशल मीडिया पर विरोध तेज हुआ और मजाकिया अंदाज में कॉकरोच जनता पार्टी नाम से एक डिजिटल कैंपेन शुरू किया गया, जिसने कुछ ही दिनों में लाखों फॉलोअर्स जुटा लिए.

X पर बैन हुआ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का अकाउंट

अब तक के खबरों के मुताबिक कॉकरोच जनता पार्टी का आधिकारिक X अकाउंट अब भारत में दिखाई नहीं दे रहा है. हालांकि पार्टी का इंस्टाग्राम पेज अब भी सक्रिय बताया जा रहा है. दिलचस्प बात यह रही कि गुरुवार को ही इस पेज ने फॉलोअर्स के मामले में भाजपा को पीछे छोड़ दिया था. इंस्टाग्राम पर पार्टी के 1 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं, जबकि बीजेपी के लगभग 87 लाख फॉलोअर्स हैं.

अकाउंट बंद होने पर भड़के फाउंडर अभिजीत दिपके

एक्स अकाउंट बैन होने के बाद पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने नाराजगी जाहिर की. उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी करते हुए कहा कि पहले उनके अकाउंट को हैक करने की कोशिश की गई और बाद में उसे बैन कर दिया गया. अभिजीत दिपके ने कहा, जिसका डर था वही हुआ. पहले उन्होंने हमारे अकाउंट को हैक करने की कोशिश की जब ये नहीं हुआ तो उन्होंने इसे बैन कर दिया है. हमारा एक्स का ऑफिशियल अकाउंट इस वक्त भारत में दिखाई नहीं दे रहा है.

उन्होंने युवाओं से इस मुद्दे पर सवाल उठाने की अपील भी की.

उन्होंने कहा, मैं चाहता हूं कि आप लोग ये आवाज उठाएं कि आखिर इसे क्यों बैन किया गया है. इस पर ऐसा क्या लिखा था. हम सिर्फ सरकार से एकाउंटेबिलिटी मांग रहे थे. हमने कोई गलत चीज नहीं लिखी थी. और बदले में इन्होंने हमारा अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया. ये कहां की डेमोक्रेसी है. मैं चाहता हूं आप सब ये सवाल पूछें.

क्या था CJI सूर्यकांत का बयान?

पूरा विवाद सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका की सुनवाई के दौरान दिए गए बयान से शुरू हुआ था. CJI सूर्यकांत ने कहा था, कुछ युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जिन्हें न कोई रोजगार मिलता है और न ही किसी पेशे में उनका कोई स्थान होता है. उनमें से कुछ मीडिया के क्षेत्र में जाते हैं, कुछ सोशल मीडिया कार्यकर्ता बनते हैं, कुछ RTI कार्यकर्ता बनते हैं और फिर वे हर किसी पर हमला करना शुरू कर देते हैं. यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और कई युवाओं ने इसका विरोध किया.

अगले दिन दी गई थी सफाई

बयान पर बढ़ते विवाद के बाद CJI सूर्यकांत की ओर से अगले दिन सफाई भी दी गई थी. उन्होंने कहा था कि उनकी टिप्पणी फर्जी डिग्रीधारकों के संदर्भ में थी और उनका उद्देश्य युवाओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था. इसके बावजूद सोशल मीडिया पर विवाद लगातार बढ़ता गया और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ इंटरनेट पर एक बड़ा ट्रेंड बन गई.

सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस

अकाउंट बैन होने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कुछ लोग इसे प्लेटफॉर्म की सख्त कार्रवाई बता रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों से जोड़कर देख रहे हैं. फिलहाल X की ओर से अकाउंट बैन किए जाने को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. First Updated : Thursday, 21 May 2026