नई दिल्ली: दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में शुक्रवार सुबह से ही मौसम ने करवट ली है. दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में सुबह-सुबह धूल भरी आंधी चल रही है. साथ ही तेज हवाएं भी लोगों को परेशान कर रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस दौरान हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के अनुसार, हवाओं की रफ्तार 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. IMD ने दिल्ली-NCR के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है क्योंकि धूल भरी आंधी से दृश्यता कम हो सकती है और यात्रा प्रभावित हो सकती है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की वजह से यह बदलाव आ रहा है. 3 अप्रैल को दिल्ली-NCR में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है. 4 अप्रैल को भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी की उम्मीद है. IMD ने 4 अप्रैल के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक जा सकता है. अगले 1-2 दिनों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश जारी रह सकती है.
दिल्ली से सटे हरियाणा के कई इलाकों में भी धूल भरी आंधी, तेज हवाएं और हल्की बारिश का पूर्वानुमान है. अप्रैल के महीने में इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश होने की उम्मीद है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
मौसम विभाग ने बताया कि 7 अप्रैल से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इससे दिल्ली-NCR, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम मध्य प्रदेश में तेज हवाओं (50-60 किमी प्रति घंटा) के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है.
IMD ने लोगों से अपील की है कि धूल भरी आंधी और तेज हवाओं के समय घर के बाहर अनावश्यक न निकलें. खासकर दोपहर या शाम के समय सतर्क रहें. मौसम साफ होने के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है. First Updated : Friday, 03 April 2026