Delhi-NCR Weather: दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में बारिश बनी आफत, अगले 12 घंटे को लेकर मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी
दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव और भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है. मौसम विभाग ने दिल्ली में रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले 12 घंटे बेहद अहम बताए हैं.

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. बुधवार रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह तक जारी रही, जिससे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई इलाकों में जलभराव हो गया. सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लगने से लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी. मौसम विभाग (IMD) ने हालात को देखते हुए दिल्ली के सभी जिलों में रेड अलर्ट और आसपास के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
अगले 12 घंटे को लेकर बड़ी चेतावनी
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 12 घंटे दिल्ली-एनसीआर के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो सकते हैं. अनुमान है कि दिनभर रुक-रुक कर तेज बारिश होती रहेगी. खासकर नोएडा, गाजियाबाद, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. लोगों को केवल जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.
Cummulative Rainfall(mm) over Delhi- NCR (from 0830 IST of 08.07.2026 to 0530 IST of 09.07.2026) pic.twitter.com/IUv1nUZJPc
— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 9, 2026
इन इलाकों में सबसे ज्यादा असर
लगातार बारिश के कारण नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और पूर्वी दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है. कई प्रमुख सड़कों पर पानी भरने से वाहन रेंगते नजर आए. गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन, नरसिंहपुर, बसई, कादीपुर, सोहना रोड, सेक्टर-31, सेक्टर-39 और पटौदी रोड समेत कई इलाकों में पानी भर गया. कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए, जिससे लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा.
#WATCH | Ghaziabad, Uttar Pradesh: Heavy rainfall led to waterlogging in the Indirapuram area, affecting daily commuters and causing inconvenience to residents. Roads completely submerged following the downpour. pic.twitter.com/wlsJzTzpY7
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) July 9, 2026
प्रशासन अलर्ट मोड पर
जलभराव से निपटने के लिए नगर निगम, जीएमडीए, पुलिस और अन्य एजेंसियों की टीमें प्रभावित इलाकों में तैनात की गई हैं. कई निजी कंपनियों ने कर्मचारियों को घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करने की सलाह भी दी है ताकि ट्रैफिक और जलभराव की समस्या से बचा जा सके.
IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के सभी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और मेरठ में ऑरेंज अलर्ट लागू है. विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है. लोगों से अपील की गई है कि मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें और जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें.
लगातार बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर में सामान्य जनजीवन प्रभावित है. ऐसे में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अनावश्यक यात्रा से बचना और प्रशासन की सलाह का पालन करना सबसे बेहतर रहेगा.


