दिल्ली में AI समिट के चलते भयंकर जाम, बारापुल्लाह से लेकर सेंट्रल दिल्ली तक घंटों फंसे राहगीर

दिल्ली में बुधवार को AI Impact Summit 2026 के लिए खास ट्रैफिक इंतजाम लागू होते ही बारापुल्लाह और किदवई नगर के आसपास भीषण जाम की स्थिति बन गई. लोग घंटों फंसे रहे, गाड़ियां रेंगती नजर आईं और सुबह की शुरुआत ही मुश्किल भरी हो गई.

calender

नई दिल्ली में बुधवार को AI इम्पैक्ट समिट 2026 के चलते विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू होने से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जबरदस्त भीड़भाड़ और जाम की स्थिति देखने को मिली. VIP मूवमेंट के कारण बारापुल्लाह, किदवई नगर, BRT रोड और अन्य महत्वपूर्ण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

लोधी रोड फ्लाईओवर को पूरी तरह बंद कर दिए जाने से मुलचंद से आईटीओ की ओर जाने वाले वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे. इस दौरान दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सख्त व्यवस्था के बावजूद आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

VIP मूवमेंट से प्रभावित प्रमुख मार्ग

समिट के दौरान लोधी रोड फ्लाईओवर को वाहनों के लिए पूरी तरह सील कर दिया गया था. इस वजह से मुलचंद से आईटीओ की ओर जाने वाले रास्ते पर भारी ट्रैफिक जाम लगा. बारापुल्लाह और किदवई नगर जैसे इलाकों में भी वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं. VIP रूट की वजह से इन सड़कों पर सामान्य आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा.

आप नेता सौरभ भारद्वाज का तीखा हमला

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, "केंद्र सरकार को एआई शिखर सम्मेलन के आसपास यातायात प्रबंधन के लिए कुछ बुनियादी जानकारी की आवश्यकता है. बुनियादी जानकारी कृत्रिम बुद्धिमत्ता से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है. उन्होंने आगे टिप्पणी करते हुए पूछा, हम इस एआई शिखर सम्मेलन में आने वाले अंतर्राष्ट्रीय दर्शकों को क्या प्रदर्शित कर रहे हैं?

विशेष ट्रैफिक व्यवस्था का समय और सलाह

अधिकारियों के अनुसार, 18 फरवरी को शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक दिल्ली में विशेष ट्रैफिक इंतजाम किए गए थे. ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की कि वे पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाएं, प्रभावित मार्गों से बचें और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करें.

वैकल्पिक मार्गों की सिफारिश

ट्रैफिक पुलिस ने जाम से बचने के लिए कई वैकल्पिक मार्ग सुझाए, जिनमें शामिल हैं- सैन मार्टिन मार्ग, पंचशील मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, अरबिंदो मार्ग, लोधी रोड, साउथ एवेन्यू रोड, वंदेमातरम मार्ग, बारापुल्लाह रोड, रिंग रोड, तिलक मार्ग, फिरोजशाह रोड, रफी मार्ग, संसद मार्ग और के. कामराज मार्ग.

नागरिकों से सहयोग की अपील

दिल्ली पुलिस ने वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, लेन डिसिप्लिन बनाए रखने और प्रमुख सड़कों पर अनावश्यक रुकावट न पैदा करने की अपील की. समिट के दौरान सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए आम लोगों से धैर्य और पूर्ण सहयोग की मांग की गई.

समिट और रिसर्च सिम्पोजियम की जानकारीभारत-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का मुख्य अकादमिक मंच AI and Its Impact पर रिसर्च सिम्पोजियम 18 फरवरी 2026 को भारत मंडपम में आयोजित हुआ. इस सिम्पोजियम के ज्ञान भागीदार के रूप में IIIT हैदराबाद कार्यरत रहा. First Updated : Thursday, 19 February 2026