नई दिल्ली : होली के इस खास मौके पर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में एक अलग ही उत्सव मनाया. पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में मनीष सिसोदिया के आवास पर पहुंचकर नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं के साथ रंगों में रंग गए. शराब घोटाले के आरोपों से मुक्त होने की खुशी ने इस होली को और खास बना दिया. पार्टी ने इसे 'कट्टर ईमानदारी' का रंग बताया. केजरीवाल ने कहा कि सच की जीत हुई है और अब पार्टी नई ऊर्जा से आगे बढ़ेगी.
आपको बता दें कि मनीष सिसोदिया के घर पर आयोजित इस होली मिलन में केजरीवाल ने गुलाल और अबीर लगाकर सबको बधाई दी. उन्होंने कहा कि हमने सच और संघर्ष के रंगों के साथ होली मनाई. पार्टी के सभी साथी एक-दूसरे को गले लगाकर खुशी जाहिर कर रहे थे. यह मौका आरोप मुक्त होने की खुशी का था. केजरीवाल ने जोर दिया कि आम आदमी पार्टी हमेशा ईमानदार रही है और रहेगी.
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बताया कि पिछले तीन सालों में पार्टी ने होली ठीक से नहीं मना पाई. 2023 में सिसोदिया जेल में थे. 2024 में केजरीवाल गिरफ्तार हुए. 2025 में चुनाव में हार के कारण उत्साह कम रहा. अब अदालत के फैसले से सब निर्दोष साबित हुए हैं. कार्यकर्ता उत्साहित हैं और पार्टी एकजुट होकर आगे बढ़ रही है.
केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा ने होली पर भी दिल्ली में शराब की दुकानें खुली रखीं. पहले त्योहारों पर दुकानें बंद होती थीं ताकि लोग शराब पीकर उपद्रव न करें. इस बार ऐसा न करना गलत है. उन्होंने इसे त्योहार की भावना के खिलाफ बताया. पार्टी ने इसे राजनीतिक साजिश का हिस्सा करार दिया.
केजरीवाल ने एक्स पर सभी को होली की बधाई दी. उन्होंने लिखा कि यह त्योहार खुशियां, प्रेम और नई ऊर्जा लाए. साजिशों के बीच भी पार्टी के रंग फीके नहीं पड़े क्योंकि ताकत ईमानदारी और जनता का भरोसा है. सिसोदिया ने कहा कि इस बार होली में 'कट्टर ईमानदारी' का रंग घुला है. कुछ रंग चेहरे सजाते हैं तो कुछ इतिहास लिखते हैं. उन्होंने सबको सादी और बेबाक शुभकामनाएं दीं. First Updated : Wednesday, 04 March 2026