दिल्ली में सीजन का सबसे गर्म दिन, आज से शुरू अग्निपरीक्षा जानिए क्या है हीट डोम जिससे तप रहा भारत

New Delhi में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, जहां तापमान 43°C तक पहुंच गया. India Meteorological Department (IMD) ने चेतावनी दी है कि अब असली हीटवेव शुरू होगी, जिसकी बड़ी वजह हीट डोम मानी जा रही है.

calender

नई दिल्ली: New Delhi समेत देश के बड़े हिस्से में अप्रैल के आखिरी सप्ताह के साथ ही भीषण गर्मी ने अपने तेवर और तीखे कर दिए हैं. उत्तर से लेकर मध्य और पश्चिम भारत तक तेज धूप और लू ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है.

India Meteorological Department (IMD) के अनुसार, शुक्रवार से राजधानी दिल्ली-एनसीआर में गर्मी की असली ‘अग्निपरीक्षा’ शुरू होने जा रही है. इससे पहले गुरुवार को दिल्ली में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, जिसने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.

गुरुवार को 43 डिग्री तक पहुंचा पारा

दिल्ली के रिज इलाके में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक है.
वहीं, शहर के अन्य इलाकों में भी तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा, जो औसतन सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा है.

24 शहरों में 43°C के पार तापमान

IMD के मुताबिक, देश के 24 शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया. सबसे ज्यादा गर्मी राजस्थान के श्रीगंगानगर में पड़ी, जहां पारा 44.5 डिग्री तक पहुंच गया.

प्रयागराज और अमरावती भी 44.4 डिग्री के साथ देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे.

कई राज्यों में लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और मध्य भारत में अगले 4-5 दिनों तक लू चलने की चेतावनी दी है.
पूर्वी भारत में भी अगले 2-3 दिनों तक हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है.

24 अप्रैल 2026: पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, केरल
24-29 अप्रैल 2026: राजस्थान
24-27 अप्रैल 2026: मध्य प्रदेश
24-25 अप्रैल 2026: बिहार
24-27 अप्रैल 2026: पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़

मई-जून में और बढ़ेगी गर्मी

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, इस साल मई और जून में गर्मी सारे रिकॉर्ड तोड़ सकती है.
आमतौर पर इन महीनों में 3 से 7 दिन हीट वेव होती है, लेकिन इस बार 5 से 7 दिन से ज्यादा लू चलने की संभावना जताई गई है.

26 अप्रैल को मिल सकती है हल्की राहत

दिल्ली में 26 अप्रैल को आंशिक बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है.
इस बीच वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में बनी हुई है और AQI 176 दर्ज किया गया है.

क्या है हीट डोम?

हीट डोम (Heat Dome) एक ऐसी मौसमी स्थिति होती है, जिसमें वायुमंडल में उच्च दबाव का क्षेत्र गर्म हवा को लंबे समय तक एक ही जगह पर रोक लेता है.

यह एक ढक्कन की तरह काम करता है, जिससे गर्मी बाहर नहीं निकल पाती और सतह के पास तापमान लगातार बढ़ता रहता है.फिलहाल भारत का बड़ा हिस्सा इसी हीट डोम के प्रभाव में है, जिसके कारण तापमान में खतरनाक बढ़ोतरी देखी जा रही है. First Updated : Friday, 24 April 2026