Delhi NCR AQI: दिवाली की रात दिल्ली में भारी पटाखों के धमाकों के बाद राजधानी की हवा फिर से जहरीली हो गई है. मंगलवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 350 से 500 के बीच पहुंच गया, जो बहुत खराब से 'गंभीर' श्रेणी में आता है. खासकर नरेला में AQI 551 रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का सबसे खराब स्तर है. आनंद विहार (500) और वजीरपुर (450) जैसे इलाकों में भी प्रदूषण ने गंभीर रूप धारण कर लिया है. दिल्ली-एनसीआर के पड़ोसी इलाकों नोएडा और गाजियाबाद में भी स्थिति चिंताजनक है, जहां प्रदूषण 'बहुत खराब' श्रेणी में बना हुआ है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने अगले 48 घंटे के लिए दिल्लीवासियों को घर के अंदर रहने, मास्क पहनने और बाहर की गतिविधियां कम करने की सलाह दी है. विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इस स्तर का प्रदूषण स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है, जिससे सांस की बीमारियां, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याएं हो सकती हैं. प्रशासन के लिए यह गंभीर चुनौती बन गई है, और अब कड़ाई से कदम उठाना जरूरी है.