होली पर बदली दिल्ली की रफ्तार, जानें मेट्रो-बस और नमो भारत की नई टाइमिंग

होली के मौके पर दिल्ली में मेट्रो, बस और नमो भारत ट्रेन की सेवाओं में अस्थायी बदलाव किया गया है. दोपहर तक सार्वजनिक परिवहन बंद रहेगा और चरणबद्ध तरीके से सेवाएं बहाल होंगी. इस बार खास बात यह है कि होली पर पहली बार शराब के ठेके सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: होली के मौके पर राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की टाइमिंग में अहम बदलाव किया गया है. रंगों के त्योहार को देखते हुए सुबह से दोपहर तक मेट्रो, बस और नमो भारत ट्रेन का संचालन बंद रहेगा. दोपहर बाद चरणबद्ध तरीके से सेवाएं बहाल की जाएंगी ताकि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो.

इस बार होली पर एक और बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. पहली बार राजधानी में शराब के ठेके सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे. आबकारी विभाग की ओर से इस संबंध में कोई ड्राई डे घोषित नहीं किया गया है.

दो बजे से सड़कों पर दौड़ेंगी बसें

दिल्ली परिवहन निगम ने होली के दिन सुबह की शिफ्ट में बसों का संचालन बंद रखने का निर्णय लिया है. हालांकि, दोपहर दो बजे के बाद करीब 25 फीसदी बसों को सड़कों पर उतारा जाएगा. जिन रूटों पर यात्रियों की संख्या अधिक होगी, वहां बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके.

ढाई बजे के बाद मिलेगी मेट्रो सेवा

होली के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने दोपहर ढाई बजे तक मेट्रो सेवाएं बंद रखने का फैसला किया है. इसके बाद सभी कॉरिडोर पर मेट्रो का संचालन शुरू कर दिया जाएगा. डीएमआरसी के अनुसार यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है.

सराय काले खां से शाम 5 बजे चलेगी नमो भारत

दिल्ली से मेरठ के बीच संचालित नमो भारत ट्रेन होली के दिन शाम पांच बजे से उपलब्ध होगी. एनसीआरटीसी के मुताबिक, सुबह से शाम पांच बजे तक यह सेवा बंद रहेगी. शाम पांच बजे के बाद ट्रेन का संचालन शुरू होगा, जो रात दस बजे तक जारी रहेगा. इसके लिए कंट्रोल रूम और ट्रेन स्टाफ की ड्यूटी पहले ही निर्धारित कर दी गई है.

होली पर भी खुले रहेंगे शराब के ठेके

इस वर्ष होली के अवसर पर दिल्ली में शराब के ठेके बंद नहीं रहेंगे. आमतौर पर हर साल होली पर ठेकों को बंद रखने का आदेश जारी किया जाता था, लेकिन इस बार ऐसा कोई निर्देश जारी नहीं हुआ है.

वित्तीय वर्ष की ड्राई डे सूची में भी होली को शामिल नहीं किया गया है. ठेका संचालकों का कहना है कि उन्हें दुकानें बंद रखने से संबंधित कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है, इसलिए बुधवार को सभी ठेके सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag