Delhi Flood Update: राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है जिससे फिलहाल बाढ़ का कोई खतरा नहीं है. सोमवार रात 8 बजे यमुना का जलस्तर 205.11 मीटर दर्ज किया गया. जो खतरे के निशान (206 मीटर) से नीचे है. जलस्तर में लगातार हो रही कमी दर्ज की जा रही है. हालांकि पुल का पुराना लोहा अब भी आम वाहनों के लिए बंद है और पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से ट्रैफिक डायवर्ट किया हुआ है.
यह पुल यमुनापार को पुरानी दिल्ली से जोड़ता है जिससे हजारों लोगों की रोजाना आवाजाही प्रभावित होती है. सिंचाई विभाग के कंट्रोल रूम से जुड़े नोडल अधिकारी और प्रीत विहार एसडीएम संदीप यादव ने कहा कि अभी यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी की कोई संभावना नहीं है. अगर पहाड़ों पर ज्यादा बारिश नहीं हुई तो दिल्ली में स्थिति नियंत्रण में बनी रहेगी.
शास्त्री पार्क इलाके में लोहा पुल के पास प्रशासन द्वारा बनाए गए राहत शिविरों में अभी भी बाढ़ प्रभावित लोग रह रहे हैं. खादर क्षेत्र की झुग्गियों में यमुना का पानी भर जाने के कारण लोग अभी अपने घरों में लौट नहीं पाए हैं. प्रशासन का कहना है कि जब तक जलस्तर और कम नहीं होता और लोग वापस नहीं लौटते, तब तक पुल पर ट्रैफिक की अनुमति नहीं दी जाएगी.
हरियाणा के हथनी कुंड बैराज से यमुना में छोड़े गए पानी में भी लगातार कमी आई है. इससे आने वाले दिनों में जलस्तर में और गिरावट की उम्मीद है. सोमवार को अलग-अलग समय पर बैराज से छोड़े गए पानी और यमुना के जलस्तर की स्थिति निम्नलिखित रही:-
समय छोड़ा गया पानी (क्यूसेक में) जलस्तर (मीटर में)
सुबह 7 बजे 44,210 205.22
सुबह 8 बजे 42,790 205.22
सुबह 9 बजे 42,748 205.22
सुबह 10 बजे 40,350 205.22
सुबह 11 बजे 42,843 205.22
दोपहर 1 बजे 41,657 205.22
अपराह्न 3 बजे 39,838 205.21
शाम 4 बजे 40,616 205.20
रात 8 बजे 36,815 205.11
यमुना का जलस्तर जैसे ही सुरक्षित स्तर पर स्थिर हो जाएगा और खादर क्षेत्र के लोग अपनी झुग्गियों में लौट आएंगे. प्रशासन लोहा पुल को वाहनों के लिए खोलने पर विचार करेगा. अभी पुल के दोनों छोर पर पुलिस की तैनाती है और भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित है. First Updated : Tuesday, 09 September 2025