देश में मौसम का डबल अटैक! दिल्ली-पंजाब में भीषण हीटवेव, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. IMD ने 18 मई के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है. राजधानी दिल्ली में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे दिनभर झुलसाने वाली गर्मी पड़ने की संभावना है.

नई दिल्ली: देश में सोमवार, 18 मई से मौसम के दो बिल्कुल अलग रंग देखने को मिलेंगे. एक तरफ उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहेगा, तो दूसरी ओर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में तेज बारिश, आंधी और तूफानी हवाओं का असर देखने को मिलेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कई राज्यों के लिए हीटवेव और भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है.
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सोमवार से गर्मी का प्रकोप और बढ़ने वाला है. राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से तीन से पांच डिग्री अधिक रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर आसमान साफ रहेगा और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलेंगी, जिनकी गति कुछ समय के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
उत्तर-पश्चिम भारत में बढ़ेगा गर्मी का कहर
राजस्थान पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहा है. IMD के मुताबिक, राज्य में 23 मई तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 19 मई से गंभीर लू चलने की संभावना जताई गई है. मध्य भारत के नागपुर तथा अमरावती के तरफ भी तापमान रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुका है. 16 मई को अमरावती और वर्धा में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो उस दिन देश में सबसे अधिक रहा.
मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर-पश्चिम भारत में 21 मई तक तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है. मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी 21 मई तक हीटवेव का असर बना रहेगा.
पूर्वोत्तर भारत में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
जहां उत्तर भारत तपिश से बेहाल रहेगा, वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. असम और मेघालय में 18 मई को कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इसके साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
दक्षिण भारत में भी बदलेगा मौसम
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम करवट लेने वाला है. तमिलनाडु, केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इन इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तूफानी हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
मानसून की दस्तक के संकेत
दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. IMD के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में मानसून दक्षिण-पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान द्वीप समूह के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि केरल में मानसून लगभग 26 मई के आसपास दस्तक दे सकता है, हालांकि इसमें चार दिन आगे या पीछे होने की संभावना भी बनी हुई है.
मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी
IMD ने मछुआरों को 22 मई तक केरल, कर्नाटक, मन्नार की खाड़ी, कोमोरिन क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में समुद्र में न जाने की सलाह दी है, क्योंकि इन इलाकों में मौसम बेहद खराब रहने की आशंका है.


