शेफाली जरीवाला की मौत के पीछे काला जादू? पति पराग का बड़ा दावा, बोले- कुछ भी नैचुरल नहीं था

शेफाली जरीवाला की अचानक मौत ने टीवी इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया. इस हादसे से उनके पति पराग त्यागी पूरी तरह टूट गए थे, लेकिन अब उन्होंने खुद को संभाल लिया है. हाल ही में पराग ने शेफाली की मौत को लेकर काले जादू जैसी चौंकाने वाली बात कहकर सभी को हैरान कर दिया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

मुंबई: टीवी और फिल्म जगत की चर्चित अभिनेत्री शेफाली जरीवाला के असमय निधन ने उनके परिवार, दोस्तों और इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया है. उनकी मौत के बाद पति पराग त्यागी लगातार अपने अनुभव और भावनाएं साझा कर रहे हैं. हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में पराग ने कुछ ऐसी बातें कही हैं, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया है.

मीडिया से बातचीत में पराग त्यागी ने कहा कि उन्हें शेफाली की मौत से जुड़ी कुछ बातें बेहद असामान्य लगीं. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वह किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं और सब कुछ भगवान पर छोड़ चुके हैं. बातचीत के दौरान उन्होंने निगेटिव एनर्जी और काले जादू को लेकर भी अपनी बात रखी.

शेफाली की मौत को लेकर पराग ने जताया शक

निगेटिव एनर्जी या काले जादू से जुड़े सवाल पर पराग त्यागी ने कहा, कुछ चीजें मुझे बेहद अजीब और अस्वाभाविक लगीं. हम स्वास्थ्य के प्रति बेहद जागरूक थे. मैं और शेफाली नियमित रूप से ब्लड टेस्ट और हर कुछ महीनों में हेल्थ चेकअप करवाते थे. उस समय मैं भगवान हनुमान से आध्यात्मिक रूप से जुड़ा हुआ था और उनमें गहरी आस्था रखता था.

मुझे महसूस हुआ कि कुछ ठीक नहीं है

पराग ने आगे कहा, उस दौर में मुझे बहुत ज्यादा महसूस हुआ कि कुछ ठीक नहीं है, हालांकि मैं तब इसे पूरी तरह समझ नहीं पाया था. समय के साथ, 2021 और 2024 के बीच, मैंने कई चीजों को गहराई से समझना शुरू किया. मुझे पर्सनली लगा कि कुछ अस्वाभाविक घटित हुआ है. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी को दोष नहीं देते और इस मामले में किसी पर उंगली उठाना नहीं चाहते.

मुश्किल दौर में खुद को कैसे संभाल रहे हैं पराग?

जब पराग त्यागी से पूछा गया कि क्या काम ने उन्हें इस कठिन दौर में इमोशनली मजबूत बनाए रखने में मदद की, तो उन्होंने कहा, लोग अक्सर कहते हैं कि आपको व्यस्त रहना चाहिए, लेकिन लगातार व्यस्त रहना भी एक तरह की मुश्किल बन सकती है. कोई भी चौबीसों घंटे काम नहीं कर सकता.

युवाओं को दी आध्यात्मिकता की सलाह

बातचीत के आखिर में पराग त्यागी ने युवाओं को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा, आज के युवा अक्सर अधिक काम या फिर ध्यान भटकाने वाली चीजों और इच्छाओं में खो जाते हैं. ये दोनों ही चीजें किसी व्यक्ति को कुछ समय के लिए गुमराह कर सकती हैं. वास्तविक शक्ति आध्यात्मिकता, आस्था, संस्कृति और ईश्वर के साथ आंतरिक संबंध से आती है, चाहे आप किसी भी धर्म को मानते हों.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो