केरलम में आज सीएम पद की शपथ लेंगे वीडी सतीशन, खरगे-राहुल समेत कई नेता रहेंगे मौजूद

केरल में UDF सरकार के गठन की तैयारी पूरी हो गई है और कांग्रेस नेता वीडी सतीशन सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. नई कैबिनेट में 21 मंत्री शामिल होंगे, जबकि शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

तिरुवनंतपुरम: केरल में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के करीब दो सप्ताह बाद आखिरकार नई सरकार का गठन होने जा रहा है. सोमवार को तिरुवनंतपुरम में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की सरकार शपथ लेगी. कांग्रेस नेता वीडी सतीशन राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे. उनके नेतृत्व वाली कैबिनेट में कुल 21 मंत्री शामिल होंगे. रविवार को सतीशन ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को मंत्रिपरिषद की अंतिम सूची सौंप दी.

मल्लिकार्जुन खडगे कार्यक्रम में रहेंगे मौजूद

नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे और लोकसभा सांसद राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. सूत्रों के अनुसार वायनाड सांसद प्रियंका गांधी के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है.

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में वीडी सतीशन के साथ रमेश चेन्निथला और केसी वेणुगोपाल के नाम भी चर्चा में थे, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व ने अंततः सतीशन पर भरोसा जताया. कांग्रेस विधायक दल ने 14 मई को उन्हें अपना नेता चुना था. वहीं, मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल रहे रमेश चेन्निथला को भी मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है.

 मंत्रियों की सूची तय करने में कितना समय लगा? 

विधानसभा चुनाव में UDF ने 140 में से 102 सीटों पर जीत दर्ज कर बड़ी सफलता हासिल की थी. हालांकि सरकार गठन और मुख्यमंत्री के चयन को लेकर गठबंधन के भीतर कई दौर की बातचीत चली. मंत्रियों की सूची तय करने में भी करीब तीन दिन तक लगातार मंथन हुआ. कांग्रेस और सहयोगी दलों के नेताओं के बीच कई बैठकों के बाद रविवार शाम अंतिम सूची पर सहमति बनी.

वीडी सतीशन ने कहा कि मंत्रिमंडल बनाते समय सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है. उन्होंने बताया कि कई अनुभवी नेताओं को जगह देने की कोशिश की गई, लेकिन सीमित संख्या के कारण कुछ वरिष्ठ नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया जा सका. उनके मुताबिक कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टी में प्रतिनिधित्व तय करते समय कई पहलुओं पर विचार करना पड़ता है.

इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग की अहम भागीदारी

नई सरकार में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) को भी अहम भागीदारी मिली है. पार्टी के पांच विधायकों को मंत्री पद दिया जाएगा. इनमें पीके कुन्हालीकुट्टी, एन शम्सुद्दीन, केएम शाजी, पीके बशीर और वीई अब्दुल गफूर शामिल हैं. इसके अलावा के मुरलीधरन, सनी जोसेफ, एपी अनिल कुमार और पीसी विष्णुनाथ जैसे नेताओं को भी कैबिनेट में जगह मिली है.

सोमवार सुबह 10 बजे तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसमें कई राज्यों के मुख्यमंत्री और विपक्षी गठबंधन के प्रमुख नेता भी शामिल हो सकते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो