केरलम में कल नई सरकार का आगाज! वीडी सतीशन ने राज्यपाल को सौंपी 20 मंत्रियों की लिस्ट, UDF शपथ के लिए तैयार
केरलम की राजनीति में आज एक नया इतिहास रचने जा रहा है. राज्य में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की नई सरकार सोमवार सुबह 10 बजे शपथ ग्रहण करने वाली है.

नई दिल्ली: केरलम की राजनीति में आज एक नया इतिहास रचने जा रहा है. राज्य में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की नई सरकार सोमवार सुबह 10 बजे शपथ ग्रहण करने वाली है. यूडीएफ के वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन केरलम के नए मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभालेंगे. इस बार का शपथ ग्रहण समारोह बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि केरलम के राजनीतिक इतिहास में करीब 60 साल बाद ऐसा मौका आया है जब पूरा यूडीएफ मंत्रिमंडल एक ही साथ पद और गोपनीयता की शपथ लेने जा रहा है. मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के साथ कुल 21 मंत्री इस नई सरकार का हिस्सा बनेंगे.
राज्यपाल को सौंपी गई 20 मंत्रियों की सूची
नई कैबिनेट के गठन के दौरान सभी वरिष्ठ नेताओं को संतुष्ट करना बड़ी चुनौती थी. नई यूडीएफ सरकार के कुनबे में सबसे बड़ी हिस्सेदारी कांग्रेस के खाते में आई है. कांग्रेस कोटे से मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के अलावा रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन, सनी जोसेफ, बिंदु कृष्णा, एपी अनिलकुमार, पीसी विष्णुनाध, एम लिजू, रोजी एम जॉन, टी सिद्दीक, ओजे जनीश और केए तुलसी कैबिनेट में शामिल होंगे.
कई दिग्गजों को जगह नही
वीडी सतीशन ने मंत्रिमंडल के गठन में आई व्यावहारिक दिक्कतों को भी खुलकर स्वीकार किया. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि पार्टी और गठबंधन में कई ऐसे कद्दावर नेता मौजूद थे जो मंत्री पद के पूरी तरह हकदार थे. इसके बावजूद, केरलम के विभिन्न क्षेत्रों और सामाजिक समीकरणों का संतुलन बैठाने की राजनीतिक मजबूरी के कारण कई योग्य चेहरों को इस बार कैबिनेट में शामिल नहीं किया जा सका है. सरकार के गठन में राज्य के हर वर्ग और इलाके को उचित प्रतिनिधित्व देने का विशेष ध्यान रखा गया है.
कांग्रेस और आईयूएमएल का रहा दबदबा
वहीं, गठबंधन की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) से पीके कुन्हालीकुट्टी, पीके बशीर, एन शम्सुद्दीन, केएम शाजी और वीई अब्दुल गफूर मंत्री पद की शपथ लेंगे. इसके अलावा सहयोगी दलों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है, जिसमें केरल कांग्रेस से मॉन्स जोसेफ, आरएसपी (RSP) से शिबू बेबी जॉन, केरलम कांग्रेस (जैकब) से अनूप जैकब और सीएमपी (CMP) से सीपी जॉन को मंत्रिमंडल में जगह मिली है.


