Nikki Murder Case: विपिन ने एक महीने पहले ही बना लिया था निक्की की हत्या का प्लान, ब्यूटी पार्लर की आड़ में खरीदा था थिनर

ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में दहेज के लिए हुई निक्की की दर्दनाक हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है. पति विपिन भाटी ने पत्नी पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने यह साजिश एक महीने पहले ही रच ली थी. वे ब्यूटी पार्लर के नाम पर थिनर खरीदकर लाया था.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Nikki Murder Case: ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव में दहेज के लिए हुई निक्की की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में आक्रोश व्याप्त है. दहेज में 35 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर पति विपिन भाटी ने पत्नी पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जिंदा जलाने की साजिश रची थी. यह वारदात न केवल गांव बल्कि सोशल मीडिया पर भी आक्रोश का कारण बन गई है. लोग लगातार आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विपिन ने इस हत्या की योजना पहले से बना ली थी. करीब एक महीने पहले उसने दिल्ली से थिनर खरीदा था और ब्यूटी पार्लर के नाम पर घर लाया था. ग्रामीणों ने बताया कि विपिन का स्वभाव लापरवाह और आवारा किस्म का था. वह कोई काम नहीं करता था और अक्सर जुआ व डिस्को में समय बिताता था. घर का खर्चा चलाने के लिए निक्की को ही परिवार का सहारा बनना पड़ा और उसने घर पर ब्यूटी पार्लर खोल लिया था.

पहले ही खरीद लाया था थिनर

पुलिस की छानबीन में यह खुलासा हुआ है कि विपिन ने एक महीने पहले ही पत्नी की हत्या का प्लान बना लिया था. उसने ब्यूटी पार्लर की आड़ में थिनर खरीदा और मौका मिलते ही उसे इस्तेमाल कर निक्की को आग के हवाले कर दिया.

अय्याश था विपिन

ग्रामीणों के अनुसार, विपिन कोई काम नहीं करता था और अक्सर डिस्को और जुए में समय बिताता था. निक्की के ब्यूटी पार्लर की कमाई भी वह अपनी अय्याशी में उड़ा देता था. घरेलू खर्चों के लिए निक्की ने खुद जिम्मेदारी उठाई थी.

प्रेम प्रसंग और लगातार विवाद

मृतका के परिजनों का आरोप है कि विपिन का किसी लड़की से प्रेम-प्रसंग था. निक्की ने एक बार उसे रंगे हाथ पकड़ भी लिया था. उस दौरान मयके पक्ष ने भी हस्तक्षेप किया था, लेकिन सामाजिक बदनामी और पति की माफी के बाद मामला शांत हो गया था.

एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो 2024 का बताया जा रहा है. वीडियो में विपिन कुछ लोगों के साथ हाथापाई करता दिख रहा है, जबकि उसकी कार में एक लड़की बैठी नजर आ रही है. यह वीडियो अब एक बार फिर चर्चा का विषय बना हुआ है.

आग लगाने से पहले हुआ था झगड़ा

निक्की की बहन कंचन ने बताया, "आग लगाने से कुछ देर पहले ही झगड़ा हुआ था. मैंने उसकी वीडियो भी बनाई थी. बीच-बचाव करने पर विपिन ने मेरे साथ भी मारपीट की. निक्की अपने कमरे में ऊपर चली गई थी. कुछ देर बाद ऊपर से ‘मार दो, खत्म कर दो’ की आवाज आई. मैं दौड़ी तो देखा कि निक्की आग की लपटों में घिरी हुई मदद के लिए नीचे उतर रही थी."

कंचन ने बताया कि निक्की पति और सास से जीवन की भीख मांग रही थी. वह आग की लपटों में झुलसते हुए सीढ़ियां उतरकर घर से बाहर निकली. उसने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन दर्दनाक मंजर देखकर बेहोश हो गई.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो