गुरुग्राम में फिर चला बुलडोजर, अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह के घर के बाहर भी हुई कार्रवाई

गुरुग्राम में अवैध निर्माण और नियमों के विपरीत संचालित पीजी व गेस्ट हाउसों के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर अभियान एक बार फिर तेज हो गया है. इस अभियान के दौरान फिल्म अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह के घर के बाहर भी अतिक्रमण को हटाया गया है.

calender

दिल्ली एनसीआर: गुरुग्राम में अवैध निर्माण और नियमों के विपरीत संचालित पीजी व गेस्ट हाउसों के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर अभियान एक बार फिर तेज हो गया है. बता दें, शुक्रवार को डीएलएफ फेज-3 के एस ब्लॉक में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग (डीटीपीई) ने पुलिस बल की मौजूदगी में तोड़फोड़ और सीलिंग की कार्रवाई की. इस दौरान स्टिल्ट पार्किंग में किए गए अवैध निर्माण हटाकर दो बड़े पीजी को सील कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान कहीं से भी विरोध की कोई घटना सामने नहीं आई. 

कब शुरू हुई ये कार्रवाई 

कार्रवाई की शुरुआत दोपहर करीब एक बजे मकान संख्या एसआर-18/1 से हुई, जहां नियमों के विरुद्ध संचालित एक पीजी को सील किया गया. अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश कमरे पहले ही खाली हो चुके थे, जबकि कुछ किरायेदारों को अपना सामान निकालने के लिए लगभग आधे घंटे का समय दिया गया. इसके बाद 26 कमरों वाले इस पीजी को सील कर दिया गया. 

किन-किन मकानों को किया गया ध्वस्त 

इसके अलावा मकान संख्या 18/18 में स्टिल्ट पार्किंग क्षेत्र में बनाए गए अवैध ड्राइंग रूम को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया गया. यहां छह कमरों के साथ पांचवीं मंजिल पर बने एक अवैध बेडरूम को भी सील किया गया. वहीं, एसआर-18/19 में स्टिल्ट पार्किंग में बने अवैध ड्राइंग रूम को तोड़ते हुए दो स्टोर रूम सील किए गए. इतना ही नहीं एसआर-16 में पार्किंग क्षेत्र में बनाए गए दो कमरों और सात शौचालयों को भी हटाया गया और एस-19/14 स्थित चार मंजिला पीजी के 24 कमरों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई.

किसके आदेश के बाद शुरू हुआ ये अभियान 

डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार स्टिल्ट पार्किंग में किए गए अवैध निर्माण और आवासीय भवनों में नियमों के विरुद्ध संचालित पीजी एवं गेस्ट हाउसों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. इस बीच, कार्रवाई से राहत पाने के लिए कई पीजी और गेस्ट हाउस संचालकों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह से मुलाकात की थी, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिल सकी. बता दें, प्रशासनिक कार्रवाई के चलते नाथूपुर रोड और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पीजी पहले ही खाली हो चुके हैं.

अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह के घर के बाहर भी चला बुलडोजर 

इस अभियान के दौरान फिल्म अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह के घर के बाहर भी अतिक्रमण को हटाया गया है. इस दौरान अधिकारियों ने घर के बाहर बने छोटे प्लेटफॉर्म और पौधों के लिए बनाई गई दीवार को हटाया, जिस दौरान अभिनेता ने अधिकारियों से बातचीत कर कार्रवाई की जानकारी ली. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि केवल अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. इसके चलते अभिनेता ने प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन किया। इसके अलावा करीब 20 अन्य मकानों के बाहर से भी अतिक्रमण हटाया गया है.  First Updated : Saturday, 04 July 2026