जींद से दौड़ेगी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, PM मोदी के दौरे से पहले CM नायब सैनी आज तैयारियों का लेंगे जायजा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हरियाणा के जींद दौरे को लेकर आज सीएम नायब सिंह सैनी जींद पहुंचकर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे. पीएम मोदी का यह दौरा बेहद ही खास माना जा रहा है.

calender

चंडीगढ़: हरियाणा के जींद में 17 जुलाई को होने वाला कार्यक्रम राज्य के लिए बेहद खास माना जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इसके अलावा कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे. कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को जींद पहुंचेंगे.

मुख्यमंत्री करेंगे तैयारियों की समीक्षा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करेंगे. वह रैली स्थल, रेलवे जंक्शन और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी करेंगे ताकि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सभी इंतजाम सुचारु रूप से पूरे किए जा सकें.

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को मिलेगी हरी झंडी

17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद रेलवे जंक्शन से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को सोनीपत के लिए रवाना करेंगे. इसी अवसर पर हाइड्रोजन गैस प्लांट का भी उद्घाटन किया जाएगा. इस परियोजना को स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक रेलवे की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

कई विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान हरियाणा की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे. इनमें भिवानी और नारनौल मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण, कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक की आधारशिला, अंबाला-कालाआंब ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा हिस्से का उद्घाटन, जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग और हांसी-बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग जैसी परियोजनाएं शामिल हैं.  इसके अलावा कुरुक्षेत्र के उमरी गांव में बनने वाले भव्य सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी जाएगी.

पुलिस लाइन में बनेगा हेलीपैड

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस लाइन में विशेष हेलीपैड तैयार किया गया है. यहां से वे रेलवे जंक्शन पहुंचेंगे और हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. इसके बाद नए बस स्टैंड के सामने आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे.

लोगों से किया गया खास आग्रह

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जनसभा में पहुंचने के लिए निजी वाहनों का कम से कम उपयोग करें. अधिक से अधिक लोग ई-स्कूटी, साइकिल या पैदल पहुंचें, ताकि पेट्रोल-डीजल की खपत कम हो और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा सके.

यह दौरा हरियाणा के बुनियादी ढांचे, रेलवे और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है. First Updated : Wednesday, 08 July 2026

Topics :