लोन को लेकर जवान से गाली-गलौज! HDFC बैंक ने महिला से किया किनारा, कहा- हमारी कर्मचारी नहीं
HDFC बैंक ने उस वायरल ऑडियो क्लिप पर प्रतिक्रिया दी है जिसमें एक महिला को CRPF जवान से अभद्र भाषा में बात करते सुना गया. बैंक ने स्पष्ट किया कि ऑडियो में सुनी जा रही महिला उनकी कर्मचारी नहीं है. बैंक ने अपने बयान में कहा इस तरह का व्यवहार संस्था के मूल्यों को बिल्कुल नहीं दर्शाता.

HDFC Bank: शुक्रवार को एचडीएफसी बैंक ने उस दावे को खारिज कर दिया जिसमें कहा जा रहा था कि वायरल ऑडियो क्लिप में सीआरपीएफ जवान से अभद्र भाषा बोलने वाली महिला उनकी कर्मचारी है. सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस ऑडियो को लेकर लोगों में आक्रोश देखा गया और महिला की पहचान बैंक कर्मचारी के रूप में बताई जाने लगी.
बैंक ने एक आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि जिस महिला की आवाज ऑडियो में सुनी जा रही है, वह उनकी संस्था से जुड़ी नहीं है. साथ ही बैंक ने यह भी कहा कि इस तरह का व्यवहार पूरी तरह अस्वीकार्य है और उनकी संस्था के मूल्यों को प्रतिबिंबित नहीं करता.
Clarification. pic.twitter.com/YjS1F17Zf3
— HDFC Bank (@HDFC_Bank) September 19, 2025
क्या है विवाद?
सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हुआ जिसमें एक महिला टेली-कॉलर को एक सीआरपीएफ जवान से अपमानजनक भाषा में बात करते सुना गया. महिला ने न केवल जवान का मजाक उड़ाया बल्कि उसकी पेशेवर पहचान पर भी अपमानजनक टिप्पणी की.
वायरल पोस्ट्स में दावा किया गया कि महिला एचडीएफसी बैंक की कर्मचारी है और वह एक लोन संबंधी बातचीत के दौरान जवान से उलझ गई. इस दौरान उसने जवान को अशिक्षित कहकर ताना मारा और सीआरपीएफ में उसकी नौकरी को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की.
वायरल ऑडियो में क्या है?
महिला ने कथित तौर पर जवान से कहा, "तुम गवार हो, इसीलिए तुम्हें बॉर्डर पर भेजा गया है. अगर तुम पढ़े लिखे होते, तो किसी प्रतिष्ठित संगठन में काम कर रहे होते. तुम्हें किसी और का हिस्सा नहीं खाना चाहिए, वह पचेगा नहीं, इसलिए तुम्हारे बच्चे विकलांग पैदा होते."
महिला की कठोर भाषा और व्यक्तिगत टिप्पणियों को देखकर सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा भड़क गया. यूजर्स ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की. वायरल क्लिप के बाद बैंक को स्पष्टीकरण देना पड़ा कि यह महिला उनकी कर्मचारी नहीं है.
बैंक का आधिकारिक बयान
एचडीएफसी बैंक ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा, "यह सोशल और ऑनलाइन मीडिया पर प्रसारित एक ऑडियो क्लिप के संदर्भ में है, जिसमें एक महिला सीआरपीएफ कर्मी से अभद्र भाषा में बात करती सुनाई दे रही है. कई पोस्ट में उसे गलत तरीके से एचडीएफसी बैंक की कर्मचारी बताया गया है. हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि यह व्यक्ति एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी नहीं है. क्लिप में सुनाई देने वाला व्यवहार न तो स्वीकार्य है और न ही एक संगठन के रूप में हमारे मूल्यों को दर्शाता है."


