भोपाल ट्विशा शर्मा केस में पिता का बड़ा आरोप, बोले- ‘भेड़ की खाल में भेड़िया है समर्थ सिंह’

ट्विशा शर्मा की मौत मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है. पिता नवनिधि शर्मा ने दामाद समर्थ सिंह पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और बेटी की हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. परिवार का दावा है कि ट्विशा लंबे समय से मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न झेल रही थी.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ट्विशा शर्मा मौत मामले ने नया मोड़ ले लिया है. मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास के बाहर ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. उनकी मांग है कि उनकी बेटी का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके. इस मामले में ट्विशा के पति समर्थन सिंह और उसकी मां गिरिबाला सिंह पर हत्या और दहेज उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं. वहीं समर्थन सिंह की जमानत याचिका खारिज हो चुकी है और वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है. ट्विशा के पिता ने अब कई गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी बेटी की शादीशुदा जिंदगी से जुड़े दर्दनाक खुलासे किए हैं.

दहेज मांगने के तरीके बदल गए हैं

नवनिधि शर्मा ने कहा कि आज के समय में दहेज सीधे शब्दों में नहीं मांगा जाता, बल्कि अलग-अलग तरीकों से परिवार पर आर्थिक दबाव बनाया जाता है. उन्होंने कहा, देखिए आज के समय में दहेज एक ऐसा शब्द है जिसकी मांग लोग बिना इस शब्द का इस्तेमाल किए अलग-अलग तरीकों से करते हैं. वे ऐसी परिस्थितियां पैदा कर देते हैं कि आपकी जेब से पैसे निकल ही जाते हैं. कोई भी यह नहीं कहता कि मुझे दहेज दो.

उन्होंने बताया कि शादी के बाद धीरे-धीरे मान-मर्यादा और खर्चों को लेकर बातें शुरू हुईं. ट्विशा की नौकरी जाने के बाद उसे ताने दिए जाने लगे. उन्होंने कहा, जब ट्विशा की नौकरी चली गई तो उनके ताने शुरू हो गए कि हम तुम्हें खाना कैसे खिलाएंगे? ये सारी बातें सामने आने लगीं.

कब मिला पहला संकेत?

ट्विशा के पिता के मुताबिक, शादी के शुरुआती दिनों में ही उन्हें समर्थ सिंह के व्यवहार पर शक होने लगा था. उन्होंने दावा किया कि हनीमून के दौरान किसी बात पर गुस्से में समर्थ ने ट्विशा को धक्का दिया था. उन्होंने कहा, यह सब शुरुआत में शुरू हो गया था क्योंकि कोई भी इंसान इतनी जल्दी डिमांड नहीं कर पाता है. शुरुआत में ही उसका रवैया एक अपराधी जैसी मानसिकता वाला लगा. हनीमून के दौरान किसी बात पर गुस्सा होकर अपनी पत्नी को धक्का दे दिया. तब ट्विशा ने अपने भाई से कहा भी कि क्या मैंने कोई गलत फैसला तो नहीं ले लिया. नवनिधि शर्मा ने कहा कि उस समय परिवार ने इसे सामान्य गुस्सा समझकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन अब उन्हें लगता है कि ऐसा नहीं करना चाहिए था.

भेड़ की खाल में भेड़िया है समर्थ सिंह

ट्विशा के पिता ने समर्थ सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे 'भेड़ की खाल में भेड़िया' बताया. उन्होंने कहा, अगर आप उसके इतिहास पर नजर डालें तो उस घर की पहली बहू ने भी उत्पीड़न के कारण तलाक ले लिया था. बहुत सारे आश्वासन दिए गए थे, जो बाद में पूरे नहीं हुए. 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके स्थित अपने ससुराल में ट्विशा शर्मा फंदे से लटकी हुई मिली थी.

मां को मैसेज कर क्या बताया?

ट्विशा और उसकी मां के बीच हुई बातचीत के कई मैसेज भी सामने आए हैं, जिनमें उसने अपनी परेशानियों का जिक्र किया था. 30 अप्रैल को ट्विशा ने लिखा, क्यों भेजा मुझे यहां. ये यहां बात ही नहीं कर रहा है. इसके बाद उसने लिखा, भोपाल बुलाकर फिर से सब नाटक. मेरा जीवन नरक हो गया है मम्मी. 7 मई को ट्विशा ने अपनी मां से कहा, मां आप मुझे यहां से लेने आ जाओ कल प्लीज. उसने यह भी लिखा कि उसे लगता है कि उसके पति को अब उसकी जरूरत नहीं है और वह पिछले एक साल से उसे सिर्फ बर्दाश्त कर रहा है.

पति पर लगाए गंभीर आरोप

ट्विशा ने अपनी मां को भेजे संदेशों में आरोप लगाया कि उसके पति ने उसके बच्चे के पिता होने पर सवाल उठाए और अबॉर्शन के लिए मजबूर किया. 9 मई को भेजे गए मैसेज में उसने लिखा, मुझे पूछ रहा है वो किसका बच्चा था और मैं इग्नोर करूं? यह अपने घटियापने की हर लिमिट क्रॉस करके बैठा है. कैसे रहूं इसके साथ. उसने आगे कहा, मम्मी यहां पर मैं बस पागल हो जाऊंगी. मुझसे नहीं हो पा रहा ये सब.

ट्विशा ने यह भी दावा किया कि उसके पति ने उसके पिता से जमीन पर नाक रगड़कर माफी मांगने को कहा था. उसने अपने पति और सास को बेरहम बताते हुए कहा कि उसे उस घर में घुटन महसूस होती है. अपनी आखिरी बातचीत में ट्विशा ने कहा कि उसका किसी से बात करने का मन नहीं है. उसने अपनी मां से कहा कि अगर उससे सामान्य तरीके से बात की जाए तो वह भी सामान्य तरीके से जवाब देगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो