ग्वालियर में लड्डू गोपाल की तलाश के लिए बनी SIT, 5 महीने बाद भी नहीं मिला सुराग

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आस्था से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां 9 जनवरी को वह भगवान लड्डू गोपाल की प्रतिमा को अपने साथ लेकर महाराज बाड़ा गई थीं. इसी दौरान उनकी प्रतिमा गलती से एक ठेले पर रह गई. वहीं  कुछ देर बाद जब उन्हें इसका एहसास हुआ तो उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन प्रतिमा का कोई पता नहीं चल सका.

calender

भोपाल: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आस्था से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां करीब पांच महीने पहले लापता हुई भगवान लड्डू गोपाल की प्रतिमा की तलाश के लिए पुलिस ने अब स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया है. इस टीम में एक सीएसपी की निगरानी में तीन थानों की पुलिस शामिल होगी, जो नए सिरे से मामले की जांच करेगी.

क्या है पूरा मामला? 

बता दें, यह मामला ग्वालियर के अलकापुरी क्षेत्र में रहने वाली विजया शर्मा से जुड़ा है. उनके अनुसार, 29 जनवरी को वह भगवान लड्डू गोपाल की प्रतिमा को अपने साथ लेकर महाराज बाड़ा गई थीं. इसी दौरान उनकी प्रतिमा गलती से एक ठेले पर रह गई. वहीं  कुछ देर बाद जब उन्हें इसका एहसास हुआ तो उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन प्रतिमा का कोई पता नहीं चल सका.

थाने में दर्ज की शिकायत 

इसके बाद विजया शर्मा ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, आसपास के लोगों से पूछताछ की और अपने स्तर पर तलाश भी की, लेकिन कई महीनों की कोशिश के बावजूद प्रतिमा बरामद नहीं हो सकी. इस मामले में कोई सफलता नहीं मिलने पर विजया शर्मा ने ग्वालियर के आईजी अरविंद सक्सेना से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई है. 

विशेष जांच दल का किया गया गठन 

आईजी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएसपी किरण अहिरवार के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित करने के निर्देश दिए है. इस टीम में तीन अलग-अलग थानों की पुलिस को शामिल किया गया है, ताकि पुराने सुरागों की दोबारा जांच करने के साथ-साथ नए सिरे से खोज अभियान चलाया जा सके. पुलिस का कहना है कि जांच का दायरा बढ़ाकर प्रतिमा को जल्द से जल्द बरामद करने का प्रयास किया जाएगा.

विजया शर्मा ने क्या कहा 

विजया शर्मा का कहना है कि उनके लिए लड्डू गोपाल केवल पूजा की प्रतिमा नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह हैं. उन्होंने बताया कि प्रतिमा के गायब होने के बाद से पूरा परिवार बेहद परेशान है और घर का माहौल भी बदल गया है. उनका दावा है कि उन्हें सपने में लड्डू गोपाल दिखाई देते हैं और ऐसा महसूस होता है कि उन्हें कहीं चोट लगी है. 

प्रतिमा की तलाश जारी 

प्रतिमा की तलाश में लोगों का सहयोग लेने के लिए विजया शर्मा ने 5,000 रुपये के इनाम की भी घोषणा की है. उन्होंने ग्वालियर के लोगों से अपील की है कि अगर किसी को प्रतिमा के बारे में कोई जानकारी मिले तो वह तुरंत पुलिस या उनके परिवार को सूचित करे. वहीं, आईजी अरविंद सक्सेना ने कहा कि पहले भी पुलिस ने पूरी कोशिश की थी, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई. अब अतिरिक्त पुलिस टीमों को जांच में शामिल किया गया है, ताकि हर संभावित सुराग पर काम किया जा सके और शिकायतकर्ता की आस्था का सम्मान करते हुए प्रतिमा को जल्द बरामद किया जा सके. First Updated : Thursday, 02 July 2026