मुहर्रम जुलूस से पहले मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जहरीले कैप्सूल के साथ आरोपी गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने मुहर्रम जुलूस को कथित तौर पर निशाना बनाने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए 14,900 जहरीले कैप्सूल बरामद किए और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.

calender

महाराष्ट्र: मुंबई पुलिस ने मुहर्रम के जुलूस को निशाना बनाने की कथित साजिश का खुलासा करते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14,900 कैप्सूल बरामद किए हैं. जांच एजेंसियों का दावा है कि इन कैप्सूलों में चूहे मारने वाला जहर भरा गया था, जिन्हें कथित तौर पर जुलूस में शामिल लोगों के बीच बांटने की योजना बनाई गई थी. समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़े हादसे को टालने का दावा किया गया है.

आरोपी की पहचान 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुणे के विमान नगर निवासी फैयाज प्रेमजी के रूप में हुई है, जो पेंट का कारोबार करता है. पुलिस के अनुसार, वह पिछले कुछ दिनों से मुंबई के डोंगरी इलाके के एक गेस्ट हाउस में ठहरा हुआ था. जिस मुहर्रम जुलूस को कथित तौर पर निशाना बनाया जाना था, वह जेजे और भायखला इलाके से गुजरने वाला था.

जिंक फॉस्फाइड से तैयार किए गए कैप्सूल

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने करीब 50 किलोग्राम जिंक फॉस्फाइड खरीदा था, जो चूहे मारने के लिए इस्तेमाल होने वाला जहरीला पदार्थ है.

पुलिस के मुताबिक, उसने कई दिनों तक मेहनत कर इस जहर को कैप्सूलों में भरा. हर कैप्सूल में लगभग एक ग्राम जिंक फॉस्फाइड मौजूद था. पुलिस का कहना है कि आरोपी करीब 30 हजार कैप्सूल तैयार करने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया.

तबीयत बिगड़ने की शिकायत के बाद हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार, तड़के करीब चार बजे एक व्यक्ति ने उल्टी और पेट दर्द की शिकायत की. सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और संदिग्ध को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपना इरादा स्वीकार किया. इसके बाद उसके ठिकाने से बड़ी संख्या में जहरीले कैप्सूल बरामद किए गए.

कई बार ईरान और इराक की यात्रा

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी वर्ष 2019 से 2025 के बीच कई बार ईरान और इराक जा चुका है. पुलिस के मुताबिक, पिछले एक वर्ष में ही उसने 19 बार इन देशों की यात्रा की. अब अधिकारी इन यात्राओं के उद्देश्य और संभावित संपर्कों की गहराई से जांच कर रहे हैं.

हर पहलू से हो रही जांच

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिनमें ज़हर देकर नुकसान पहुंचाने और हत्या के प्रयास से जुड़े आरोप शामिल हैं. जांच एजेंसियां आरोपी के मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड, बैंक लेनदेन और संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं. यह भी जांच की जा रही है कि उसने यह कथित साजिश अकेले रची या इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क या अन्य व्यक्ति का हाथ था. First Updated : Sunday, 28 June 2026