मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर को एक गंभीर सड़क दुर्घटना में 18 से 20 वाहन आपस में टकरा गए, जिससे लंबा जाम लग गया और अफरातफरी मच गई. यह हादसा लोनावला-खंडाला घाट सेक्शन से उतरते ही दत्ता फूड मॉल के पास हुआ, जहां एक कंटेनर ट्रक के ब्रेक फेल हो जाने से वह बेकाबू होकर आगे चल रहे वाहनों में जा घुसा.
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, कंटेनर ट्रक घाट से उतरते समय तेज रफ्तार में था और अचानक उसके ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया. नतीजा यह हुआ कि ट्रक ने सामने चल रहे एक वाहन को टक्कर मार दी, जिससे पीछे से आ रहे कई वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए. देखते ही देखते हाईवे पर 18 से 20 गाड़ियां एक-दूसरे से भिड़ गईं.
इस भयावह टक्कर में तीन वाहन पूरी तरह से नष्ट हो गए, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए. घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए. दुर्घटना के बाद यात्रियों की चीख-पुकार मच गई और कई लोग गाड़ियों में ही फंसे रह गए.
पुणे पल्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दुर्घटना के कारण एक्सप्रेसवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया. यह मार्ग देश के सबसे व्यस्त हाइवे में से एक है, जहां हर दिन करीब डेढ़ से दो लाख वाहन गुजरते हैं. सप्ताहांत होने के कारण यातायात पहले से ही भारी था, जिससे हालात और बिगड़ गए.
घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं की टीम, पुलिस और हाईवे प्रशासन मौके पर पहुंचे. घायलों को तत्काल नज़दीकी अस्पताल पहुंचाया गया. राहत और बचाव कार्य में तेजी लाते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, ताकि यातायात बहाल किया जा सके.
पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालने के लिए ट्रैफिक को पास के वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया. हालांकि दोपहर से शाम तक कई घंटे एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
First Updated : Saturday, 26 July 2025