मौसम विभाग का अलर्ट, इन राज्यों में आज और कल भारी बारिश की चेतावनी

दक्षिण भारत में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल में 21 और 22 फरवरी को कुछ जगहों पर भारी बारिश होने सम्भावना जताया है. गरज-चमक के साथ बिजली कड़कने और 30-40km/hr की तेज हवाओं के झोंके भी चलेंगे. केरल और माहे में छिटपुट से हल्की-मध्यम बारिश का होगा, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी.

calender

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और सटे हिंद महासागर पर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से दक्षिण भारत में मौसम ने करवट ली है. भारतीय मौसम विभाग ने तमिलनाडु और दक्षिण केरल में 21 और 22 फरवरी को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं उत्तर पश्चिम भारत में अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान है, जिससे गर्मी का एहसास तेज होने लगा है.

यह विपरीत मौसमी स्थिति पूरे देश में अलग-अलग प्रभाव दिखा रही है. जहां दक्षिण में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है, वहीं उत्तरी इलाकों में धूप निकलने के साथ तापमान चढ़ रहा है. दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में अब गर्मी का अहसास होने लगा है.

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल में 21 व 22 फरवरी को भारी बारिश होने की संभावना है. केरल और माहे में इन दो दिनों में छिटपुट से मध्यम बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 21 व 24 फरवरी, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 21 व 23 फरवरी तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.

अन्य राज्यों का हाल

तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तेलंगाना, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और गंगा तटीय पश्चिम बंगाल में 23 व 24 फरवरी को गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है. अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में 23 से 25 फरवरी तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है. हिमाचल प्रदेश में 23 फरवरी और उत्तराखंड में 23 व 24 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ बर्फबारी भी संभव है.

दिल्ली में बढ़ती गर्मी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान में वृद्धि के साथ गर्मी बढ़ने लगी है. शनिवार को न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2.4 डिग्री अधिक है. तेज धूप के साथ दिन का तापमान भी चढ़ रहा है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले छह दिनों में न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक ज्यादा रह सकते हैं. अधिकतम तापमान अगले हफ्ते शुक्रवार तक 30 डिग्री के पार जाकर 33 डिग्री तक पहुंच सकता है. First Updated : Saturday, 21 February 2026