Mumbai Rain Alert: मुंबई में मूसलाधार बारिश के बीच आज आएगा 4.19 मीटर ऊंचा ज्वार, प्रशासन ने जारी की बड़ी चेतावनी

मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया है. IMD ने रेड अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश और दोपहर में हाई टाइड की चेतावनी दी है.

calender

महाराष्ट्र: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. शहर के कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गई हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई निचले इलाकों में घरों और दुकानों में भी पानी भर गया है. जलभराव के कारण अंधेरी सबवे कई दिनों से बंद है, जबकि कई स्थानों पर वाहन आधे से ज्यादा पानी में डूबे दिखाई दिए.

IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार के लिए मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार दोपहर 3:22 बजे करीब 4.19 मीटर ऊंची ज्वार (हाई टाइड) आने की संभावना है.

ऐसे में समुद्र किनारे और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा और बढ़ सकता है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और मौसम विभाग व स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करें.

कई इलाकों में रिकॉर्ड बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान मुंबई के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई. विक्रोली में सबसे अधिक 253 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई. इसके अलावा राम मंदिर क्षेत्र में 252.5 मिमी, सांताक्रूज में 224.5 मिमी, बायकुला में 172.5 मिमी, विद्याविहार में 169 मिमी, कोलाबा में 165.5 मिमी और सायन में 157.5 मिमी बारिश हुई. लगातार बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है.

BMC ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

भारी बारिश को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) और अन्य स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर हैं. किसी भी आपात स्थिति में लोग BMC की हेल्पलाइन 1916 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा ठाणे, पालघर और पनवेल के लिए भी अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं ताकि जरूरतमंद लोगों को तुरंत सहायता मिल सके.

अगले कुछ दिन भी जारी रह सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 4 से 6 जुलाई के बीच मुंबई महानगर क्षेत्र, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. रायगढ़, ठाणे, पालघर, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के साथ-साथ पुणे, सतारा और नासिक के घाट क्षेत्रों में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है. First Updated : Sunday, 05 July 2026

Topics :