Weather Update: अब दिल्ली-NCR में भी जल्द गरजेंगे बादल, भारी बारिश से मुंबई हुई बेहाल, जलभराव से रफ्तार ठप

जून का महीना जल्द ही समाप्त होने वाला है, लेकिन उत्तर और मध्य भारत में सूरज की तीव्रता अभी भी बनी हुई है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा जैसे कई राज्य अभी भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे हैं.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: जून का महीना जल्द ही समाप्त होने वाला है, लेकिन उत्तर और मध्य भारत में सूरज की तीव्रता अभी भी बनी हुई है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा जैसे कई राज्य अभी भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे हैं. इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने एक महत्वपूर्ण अपडेट जारी की है जो राहत और चेतावनी दोनों से भरी हुई है. दक्षिण-पश्चिम मानसून अब फिर से तेजी से आगे बढ़ने के लिए तैयार है.

अगले 3-4 दिनों में मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा

मौसम विभाग के अनुसार, आज से देश के कई हिस्सों में मानसूनी गतिविधियों में धीरे-धीरे तेजी आएगी. उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं. अगले तीन से चार दिनों के भीतर मानसून उत्तर और मध्य भारत के एक बड़े हिस्से को अपने आगोश में ले लेगा. जिससे गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

दिल्ली-एनसीआर में उमस के बाद बौछारें होंगी

दिल्ली की बात करें, तो 29 जून को यहां मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं होगा, जिससे आज भी कुछ इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है. अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने से उमस और बढ़ेगी. हालांकि, दिन के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. असली राहत 30 जून से 2 जुलाई के बीच मिलेगी, जब तापमान में 5 से 6 डिग्री तक की गिरावट आएगी और मानसूनी बारिश का दौर शुरू होगा.

बिहार-झारखंड में बिजली गिरने का अलर्ट

बिहार और झारखंड में आज से मानसूनी बारिश का सिलसिला तेज होने जा रहा है. कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है, लेकिन इसके साथ ही मौसम विभाग ने बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया है.

मुंबई पानी-पानी, ट्रैफिक से परेशान लोग

जहां उत्तर भारत बारिश का इंतजार कर रहा है, वहीं आर्थिक राजधानी मुंबई में भारी बारिश ने रफ्तार रोक दी है. अंधेरी, बांद्रा, खार, मालाड और जुहू जैसे इलाकों में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है. वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं, जबकि अंधेरी सबवे में भारी पानी भरने के कारण बीएमसी को इसे यातायात के लिए पूरी तरह बंद करना पड़ा है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो