दिल्ली-NCR में मौसम का यू-टर्न: गर्मी के बीच धूल भरी आंधी, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

28 जून को शाम होते-होते दिल्ली-NCR में अचानक घने बादल छा गए। मौसम विभाग ने दोपहर 3:30 बजे चेतावनी दी थी कि अगले दो घंटे में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक पलटी मारी है। दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच रविवार को तेज आंधी और बारिश शुरू हुई, तो वहीं केरल और उत्तर बंगाल में भारी बारिश से हालात बिगड़ रहे हैं।  

दिल्ली-NCR में शाम को छाए बादल, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट   

28 जून को शाम होते-होते दिल्ली-NCR में अचानक घने बादल छा गए। मौसम विभाग ने दोपहर 3:30 बजे चेतावनी दी थी कि अगले दो घंटे में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी। 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की बात भी कही गई थी। इसके बाद शाम 4:10 बजे IMD ने दिल्ली के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट लागू कर दिया।  

इन इलाकों में हो सकती है बारिश और आंधी    

अगले 2 घंटों में गन्नौर, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, चरखी दादरी, मट्टनहेल, झज्जर, फारुखनगर, कोसली, महेंद्रगढ़, सोहाना, रेवाड़ी और पलवल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली गिर सकती है। नारनौल, बावल, नूंह, बड़ौत, दौराला, बागपत, मेरठ, खेकड़ा, मोदीनगर, पिलखुआ, हापुड़, गुलौटी, सिकंदराबाद, बुलंदशहर और भिवाड़ी में भी ऐसा ही मौसम रहेगा।

दिल्ली में अचानक आंधी-बारिश की वजह क्या?   

जून के आखिर में दिल्ली का पारा 41 से 43 डिग्री के बीच था। वैज्ञानिकों के मुताबिक यही भीषण गर्मी आंधी-बारिश का ईंधन बनी। गर्म जमीन से नमी वाली हवा तेजी से ऊपर उठी और वायुमंडल की ऊर्जा रिलीज हुई। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के साथ पश्चिमी विक्षोभ मिला तो क्युमुलोनिम्बस बादल बने। ये बादल 10 किमी से ऊपर तक जाते हैं, जिससे अचानक तेज आंधी और बारिश हुई।  

पूर्वोत्तर और बंगाल में 5 दिन भारी बारिश का अनुमान   

IMD के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत और पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी इलाकों में अगले 5 दिन भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।  

केरल में मानसून तेज, 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट   

दक्षिण में केरल में मानसून की बारिश तेज हो गई है। रविवार को पूरे राज्य में भारी बारिश हुई। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने इडुक्की, एर्नाकुलम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।  

तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलापुझा, कोट्टायम, त्रिशूर, पलक्कड़ और मलप्पुरम में येलो अलर्ट है। कन्नूर और कासरगोड में 29 जून, 30 जून और 1 जुलाई को भी ऑरेंज अलर्ट रहेगा। KSDMA ने भूस्खलन, अचानक बाढ़ और नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने को कहा है। इमरजेंसी के लिए टोल-फ्री नंबर 1077 और 1070 जारी किए गए हैं।  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो