यूक्रेन संकट पर PM मोदी और पुतिन की फोन पर चर्चा, भारत ने फिर दोहराई शांति की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन से फोन पर बात कर यूक्रेन संकट के शांतिपूर्ण समाधान की वकालत की. पुतिन ने अलास्का में डोनाल्ड ट्रंप से हुई हालिया मुलाकात की जानकारी पीएम मोदी को साझा की.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से टेलीफोन पर बातचीत की. इस बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने रूस-यूक्रेन संघर्ष को लेकर भारत का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि इस समस्या का समाधान शांतिपूर्ण और बातचीत के माध्यम से ही संभव है. उन्होंने यह भी दोहराया कि भारत हमेशा से शांति और संवाद का समर्थक रहा है.

पुतिन ने इस दौरान हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अलास्का में हुई मुलाकात की जानकारी पीएम मोदी को दी. इस बातचीत को द्विपक्षीय और वैश्विक मामलों के लिहाज़ से अहम माना जा रहा है.

प्रधानमंत्री मोदी ने दिया धन्यवाद 

बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा किया. उन्होंने लिखा कि मेरे मित्र राष्ट्रपति पुतिन को फोन कॉल के लिए और अलास्का में डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई हालिया बैठक की जानकारी देने के लिए धन्यवाद. भारत यूक्रेन संकट के शांतिपूर्ण समाधान के पक्ष में हमेशा रहा है और इस दिशा में होने वाले सभी प्रयासों का समर्थन करता है. मैं भविष्य में हमारे नियमित संवाद की प्रतीक्षा करता हूं.

आपसी द्विपक्षीय रिश्तों और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श

बातचीत के जरिए दोनों नेताओं ने आपसी द्विपक्षीय रिश्तों और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया. इससे पहले भी पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर युद्ध की बजाय कूटनीति और बातचीत को प्राथमिकता देने की वकालत की है. इस बीच, खबर है कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की मुलाकात 15 अगस्त को अलास्का में हुई थी. इस बैठक में यूक्रेन युद्ध, वैश्विक सुरक्षा और ऊर्जा संकट जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. हालांकि, युद्ध के समाधान को लेकर कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया.

इसके अतिरिक्त, सोमवार रात भारतीय समयानुसार ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच भी वार्ता संभावित है. यह बातचीतें यूक्रेन युद्ध को लेकर अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में तेजी का संकेत देती हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag