नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद PM मोदी का शक्ति प्रदर्शन! आज NDA की बड़ी बैठक में जुटेंगे CM, डिप्टी CM और केंद्रीय मंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक चुने हुए PM बनने पर आज NDA की बड़ी बैठक में जश्न मनाया जाएगा. इस मेगा मीटिंग में 35 दलों के 75 बड़े नेता, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शामिल होकर 2047 के विकसित भारत विजन पर भी चर्चा करेंगे.

calender

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक चुने हुए प्रधानमंत्री बनने के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) आज बड़ी बैठक करने जा रहा है. इस बैठक में सरकार के 12 साल पूरे होने का जश्न भी मनाया जाएगा. करीब डेढ़ साल बाद होने वाली इस बड़ी बैठक में बीजेपी नेतृत्व के साथ NDA के सभी प्रमुख सहयोगी दलों के नेता शामिल होंगे. बैठक का आयोजन भारत मंडपम में किया जा रहा है.

कैसे टूटा नेहरू का रिकॉर्ड?

नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. इसके बाद 2019 में उन्होंने दूसरी बार और 2024 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई. 10 जून 2026 को उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,399 दिनों के लगातार चुने हुए प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. इसके साथ ही मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं.

बैठक में कौन-कौन रहेगा मौजूद?

सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में NDA के 35 सहयोगी दलों के करीब 75 वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं. इसमें 22 NDA शासित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई बड़े नेता बैठक में हिस्सा लेंगे. इसके अलावा टीडीपी, जेडीयू, जेडीएस और अपना दल जैसे सहयोगी दलों के नेता और केंद्रीय मंत्री भी कार्यक्रम में शामिल होंगे.

मोदी के समर्थन में प्रस्ताव होगा पेश

बैठक में प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धि पर एक विशेष प्रस्ताव भी लाया जाएगा. बताया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू यह प्रस्ताव पेश करेंगे. नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो इसके समर्थन में बोल सकते हैं. प्रस्ताव में मोदी के नेतृत्व की सराहना और NDA सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया जाएगा. इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी नेताओं को संबोधित कर सकते हैं.

विकास और 2047 विजन पर होगी चर्चा

बैठक में केवल राजनीतिक मुद्दों पर ही नहीं, बल्कि विकास योजनाओं और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य पर भी चर्चा होने की संभावना है. सूत्रों के मुताबिक, केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर तालमेल, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, ‘ईज ऑफ लिविंग’ और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा. प्रधानमंत्री मोदी पहले भी मंत्रियों से कह चुके हैं कि अब फोकस भविष्य के लक्ष्यों और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने पर होना चाहिए. First Updated : Wednesday, 10 June 2026

Topics :