PM मोदी का वैश्विक जलवा! नॉर्वे का सर्वोच्च सम्मान, दुनिया का 32वां बड़ा अवॉर्ड

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों विदेशी दौरों की व्यस्त श्रृंखला में हैं। सोमवार (18 मई 2026) को नॉर्वे ने उन्हें अपने सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से नवाजा। यह नॉर्वे का सबसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान है।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक और बड़ी अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धि जुड़ गई है। यूरोपीय देश नॉर्वे ने पीएम मोदी को अपने सबसे बड़े नागरिक सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट से नवाजा है।

यह दुनिया भर से पीएम मोदी को मिलने वाला 32वां बड़ा अंतर्राष्ट्रीय अवॉर्ड है। सोमवार 18 मई को ओस्लो में आयोजित समारोह में पीएम मोदी को यह सम्मान दिया गया। नॉर्वे के इस कदम को वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते कद का प्रतीक माना जा रहा है।

पीएम मोदी ने ‘सम्मान’ को भारत की जनता को किया समर्पित  

आपको बताते चलें कि इस सम्मान मिलने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने X पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि यह सम्मान भारत की 1.4 अरब जनता को समर्पित है। पीएम ने कहा कि यह अवॉर्ड भारत और नॉर्वे के बीच मजबूत दोस्ती को दर्शाता है। दोनों देशों की वैश्विक प्रगति के लिए साथ मिलकर काम करने की साझा सोच है। पीएम मोदी ने नॉर्वे सरकार और वहां की जनता का आभार जताया।

5 देशों के दौरे पर हैं पीएम मोदी   

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों पांच देशों की अहम विदेश यात्रा पर हैं। इस दौरे की शुरुआत 15 मई शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात से हुई थी। यूएई इस समय ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे तनाव के बीच अहम भूमिका निभा रहा है।

इसके बाद पीएम मोदी नीदरलैंड्स पहुंचे। वहां से सोमवार को वे तीसरे भारत नॉर्डिक समिट और द्विपक्षीय बैठक के लिए नॉर्वे पहुंचे। नॉर्वे में उनका ऐतिहासिक स्वागत किया गया। इस यात्रा में पीएम मोदी स्वीडन और इटली भी जाएंगे।

43 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का नॉर्वे दौरा   

गौरतलब है कि इस यात्रा की सबसे बड़ी खास बात यह है कि 43 साल बाद भारत का कोई प्रधानमंत्री नॉर्वे पहुंचा है। इतने लंबे अंतराल के बाद हो रहे इस दौरे को लेकर नॉर्वे में रहने वाले भारतीय समुदाय में जबरदस्त उत्साह है।

प्रवासी भारतीयों ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरे से भारत और नॉर्डिक देशों के बीच व्यापार, तकनीक और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग और मजबूत होने की उम्मीद है। नॉर्वे सरकार ने भी भारत के साथ संबंधों को नई ऊंचाई देने की बात कही है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो