'मेरी बेटी की हत्या हुई है' ट्विशा शर्मा के पिता ने दामाद पर लगाए गंभीर आरोप, दोबारा पोस्टमार्टम कराने की रखी मांग
भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत धीरे-धीरे सस्पेंस होती जा रही है. उनके पिता ने कई गंभीर आरोप लगाते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है. उनका कहना है कि ये आत्महत्या नहीं है.

भोपाल: शादी के बाद आत्महत्या और हत्या की खबरें लगातार बढ़ती जा रही है. एक ऐसा ही मामला भोपाल से भी सामने आया है, जो आज चर्चा का विषय बना हुआ है. प्रेम विवाह के महज छह महीने ही बीते थे कि 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा अपने ससुराल में मृत पाई गई. ट्विशा के पिता ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी बेटी की मौत को हत्या बताते हुए दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की है.
पिता का बड़ा आरोप
ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने दामाद समर्थ सिंह पर ड्रग्स का आदी होने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि अगर ड्रग्स से जुड़ा कोई केस बनता है तो वह दामाद के खिलाफ होना चाहिए. नवनिधि शर्मा ने साफ कहा कि उनके बेटे पर लगाए गए ड्रग्स के आरोप पूरी तरह गलत हैं.
उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया कि ससुराल वाले मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं. नवनिधि ने मांग की कि शव सड़ने से पहले तुरंत दिल्ली के एम्स अस्पताल ले जाकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके.
परिवार की मांग
12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ट्विशा फंदे से लटकी मिली थी. ट्विशा और समर्थ की मुलाकात एक डेटिंग ऐप पर हुई थी और दिसंबर 2025 में दोनों ने शादी कर ली थी. परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास पर हत्या का आरोप लगाया है. नवनिधि शर्मा ने कहा, “हमें पूरा शक है कि यह हत्या है. हम सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच चाहते हैं.”
अग्रिम जमानत का विरोध
नवनिधि शर्मा ने सास को मिली अग्रिम जमानत का भी विरोध किया. उन्होंने कहा कि FIR दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी होनी चाहिए थी, लेकिन उसी दिन अग्रिम जमानत दे दी गई. उन्होंने आगे कहा कि उम्र और इज्जत के आधार पर जमानत देना खतरनाक मिसाल है. इससे कानून की पूरी व्यवस्था कमजोर होती है.
पुलिस की जांच जारी
इस मामले में SIT जांच कर रही है. सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश कश्यप ने बताया कि कटारा हिल्स थाने में मामला दर्ज है. फरार आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं और इनाम भी घोषित किया गया है.
तकनीकी सबूतों और अन्य सुरागों के आधार पर काम चल रहा है. ट्विशा के परिवार का कहना है कि सच्चाई सामने आने तक वे लड़ाई जारी रखेंगे. मामले की जांच अभी जारी है और नई जानकारी आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


