PM मोदी ने जारी की PM-KISAN की 23वीं किस्त, पश्चिम बंगाल के किसानों को मिला 907 करोड़

2026-27 के दौरान इस योजना के तहत करीब 30 लाख हेक्टेयर जमीन पर 1.10 करोड़ किसानों को कवरेज मिलेगा। इससे 28,140 करोड़ रुपये के अनुमानित बीमित मूल्य वाली फसलें सुरक्षित होंगी।

calender

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से PM-KISAN योजना की 23वीं किस्त जारी कर दी। इस बार राज्य के 45.35 लाख से ज्यादा किसानों के खातों में 907.21 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। कार्यक्रम का आयोजन कृषि मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल सरकार के साथ मिलकर किया।  

पश्चिम बंगाल को अब तक 15 हजार करोड़ से ज्यादा का फायदा   

23वीं किस्त के साथ ही पश्चिम बंगाल में योजना शुरू होने के बाद से कुल भुगतान 15,055 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। वहीं पूरे देश में इस किस्त के तहत 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों को 18,880 करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में भेजे गए हैं।  

इसी मौके पर PM मोदी ने पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना की भी शुरुआत की। इसका मकसद राज्य के किसानों को दुनिया की सबसे बड़ी फसल बीमा योजना का लाभ देना है।  

2026-27 के दौरान इस योजना के तहत करीब 30 लाख हेक्टेयर जमीन पर 1.10 करोड़ किसानों को कवरेज मिलेगा। इससे 28,140 करोड़ रुपये के अनुमानित बीमित मूल्य वाली फसलें सुरक्षित होंगी। किसानों पर प्रीमियम का बोझ कम रखने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर लगभग 777 करोड़ रुपये की सब्सिडी देंगी।  

बंगाल में दिख रही नई ऊर्जा: PM मोदी   

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की हवा में अब नई ताजगी है। उन्होंने कहा कि यहां के हर कण से नई खुशबू आ रही है और ऐसा लग रहा है मानो बंगाल अपनी बेड़ियों से आजाद हो गया हो।  

PM मोदी ने कहा कि आज का कार्यक्रम इस बात का सबूत है कि बंगाल अब अपने नए भविष्य को बनाने में जुट गया है। उन्होंने राज्य के किसानों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।  

PM-KISAN 23वीं किस्त का स्टेटस ऐसे चेक करें   

अगर आप भी लाभार्थी हैं और यह देखना चाहते हैं कि आपके खाते में पैसा आया है या नहीं, तो यह प्रोसेस फॉलो करें।  

स्टेप 1: PM-KISAN की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं।  
स्टेप 2: होमपेज पर Farmer’s Corner में जाकर Know Your Status पर क्लिक करें।  
स्टेप 3: अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और सिक्योरिटी कोड डालें।  
स्टेप 4: आपके रजिस्टर्ड मोबाइल पर OTP आएगा, उसे पोर्टल पर डालें।  
स्टेप 5: OTP डालने के बाद आपके सामने पेमेंट का स्टेटस आ जाएगा।  

योजना के तहत अब तक देश भर के करोड़ों छोटे और सीमांत किसानों को सीधी आर्थिक मदद मिल चुकी है। 23वीं किस्त के जारी होने से पश्चिम बंगाल के किसानों को खेती के खर्च में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। First Updated : Saturday, 20 June 2026